रायपुर में नवजात को बेचने की कोशिश, मुफ्त प्रसव के बहाने ओडिशा से महिला को बुलाया, तीन गिरफ्तार

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर (Raipur) में नवजात बच्चे को बेचने की कोशिश का मामला सामने आया है। ओडिशा की एक गर्भवती महिला को मुफ्त प्रसव और इलाज का झांसा देकर रायपुर बुलाया गया। बच्चे के जन्म के बाद उस पर नवजात को बेचने का दबाव बनाया गया और इनकार करने पर मां-बच्चे को बंधक बना लिया गया। महिला की शिकायत पर आजाद चौक पुलिस ने रायपुर और भिलाई की तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है। शुरुआती पूछताछ में आरोपियों के अन्य नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त से जुड़े होने की जानकारी भी मिली है।

मुफ्त इलाज का भरोसा देकर रायपुर बुलाया

पुलिस के मुताबिक, ओडिशा के सुंदरगढ़ की रहने वाली महिला का गर्भावस्था के दौरान रायपुर निवासी कृतिका साहू से संपर्क हुआ था। कृतिका ने उसे बिना पैसे लिए प्रसव और इलाज कराने का भरोसा दिया। रायपुर पहुंचने पर महिला की मुलाकात गीतिका नाग और अहिल्या नामदेव से कराई गई। इसके बाद उसे गोगांव स्थित अहिल्या के घर में ठहराया गया।

आरोप है कि तीनों ने महिला की आर्थिक स्थिति का फायदा उठाकर उसे अपना बच्चा किसी निःसंतान दंपती को बेचने के बदले मोटी रकम दिलाने का लालच दिया। महिला इसके लिए तैयार नहीं हुई तो उसे डराया-धमकाया गया।

प्रसव का खर्च बच्चे को बेचकर वसूलने की धमकी

चार नवंबर को प्रसव के बाद महिला को नवजात सहित दोबारा अहिल्या के घर ले जाया गया। शिकायत के मुताबिक, वहां दोनों को बंधक बनाकर रखा गया। आरोपियों ने कहा कि प्रसव और इलाज में हुए खर्च की भरपाई बच्चे को बेचकर की जाएगी। महिला की सहमति के बिना नवजात को दूसरे लोगों को सौंपने का प्रयास भी किया गया।

दूसरे बच्चों की खरीद-फरोख्त की भी जांच

गिरफ्तार महिलाओं से शुरुआती पूछताछ में अन्य नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त से जुड़ी जानकारी सामने आई है। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि इस काम में और कौन लोग शामिल हैं और पहले कितनी ऐसी घटनाएं हुई हैं। हालांकि, अन्य बच्चों की बिक्री से जुड़े मामलों का पूरा विवरण अभी सामने नहीं आया है।

रायपुर और भिलाई की तीन महिलाएं गिरफ्तार

आजाद चौक पुलिस ने कृतिका साहू (34), निवासी आमापारा रामकुंड रायपुर, अहिल्या नामदेव (40), निवासी सीतानगर गोगांव रायपुर और गीतिका नाग (36), निवासी स्टोर पारा पुरैना भिलाई-3, दुर्ग को गिरफ्तार किया है।

पीड़िता की शिकायत पर आजाद चौक थाने में अपराध क्रमांक 307/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 140(3), 143(4), 318(4) और 61 में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस गिरफ्तार महिलाओं से पूछताछ कर उनके संपर्क में रहे अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now