रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार सुशासन तिहार मना रही है। इसी कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय अलग-अलग जिलों के दौरे पर रवाना हो रहे थे। इससे पहले हेलीकॉप्टर में तकनीकी खराबी (technical fault) आ गई। खराबी की वजह से मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का दौरा लगभग आधे घंटे लेट हो गया। इसके बाद दौरे के लिए दूसरा हेलीकॉप्टर मंगाया गया। मुख्यमंत्री दूसरे हेलीकॉप्टर से सुशासन तिहार के लिए रवाना हुए।
मिली जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज सुबह 11 बजे रायपुर से प्रदेश के अन्य जिलों को दौरा करने रवाना होना था। मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर में अचानक तकनीकी खराबी आ गई। हालांकि तकनीकी खराबी का पता नहीं चल सका है। जब मशक्कत के बाद भी हेलीकॉप्टर ठीक नहीं हुआ तब दूसरा हेलीकॉप्टर मंगाया गया।
रायपुर से रवाना होकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सक्ती जिले के करिगांव अचानक पहुंचे। मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर लिमगांव की बजाय सीधे बन्दोरा गांव में उतरा, जिससे प्रशासनिक अमला कुछ समय के लिए असमंजस में पड़ गया। प्रशासन पहले से ही लिमगांव में मुख्यमंत्री की अगवानी की तैयारी में जुटा था।
करिगांव में पीपल के पेड़ के नीचे मुख्यमंत्री ने चौपाल लगाई और ग्रामीणों से सीधी बातचीत की। मुख्यमंत्री खाट पर बैठकर सहज वातावरण में ग्रामीणों की समस्याएं सुनते रहे। मुख्यमंत्री ने सभी की बातें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
सक्ति से मुख्यमंत्री कोरबा के मदनपुर समाधान शिविर में पहुंचे। यहां उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों से बातचीत की। साथ ही सीएम ने उनके घर का दौरा भी किया।







