नई दिल्ली। झारखंड की राजधानी रांची (Ranchi) में विधानसभा घेरने गए छात्रों पर दोबारा लाठी चार्ज हुआ है। इससे पहले विधानसभा घेराव को देखते हुए रांची जिला प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे।नया विधानसभा परिसर के 750 मीटर के दायरे में BNS की धारा 163 लागू कर दी गई थी।
JPSC परीक्षा में गड़बड़ी को लेकर छात्रों ने सोमवार को बड़ा प्रदर्शन किया। बीते कई दिनों से प्रोटेस्ट कर रहे छात्र विधानसभा का घेराव करने पहुंचे। सोमवार दोपहर छात्रों को पहले बैरिकेडिंग के जरिये रोका गया, फिर उन पर वाटर कैनन का इस्तेमाल किया, इसके बाद छात्रों पर लाठीचार्ज भी हुआ।
इस बीच राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट के जरिये छात्रों पर हुए बलप्रयोग को गलत बताया। उन्होंने कहा कि छात्रों पर बल प्रयोग से नहीं बल्कि बातचीत से समस्या का समाधान निकालना होगा।इसके बाद शाम को एक बार फिर पुलिस फोर्स एक्शन में आ गया। इस दौरान विधानसभा के सामने से प्रदर्शन कर रहे छात्रों को हटाने के लिए एक बार फिर लाठीचार्ज किया गया।
हल्की लाठी चार्ज और आंसू गैस छोड़ने के बाद भगदड़ की स्थिति हुई, तो ठीक उसके बाद छात्र म्यूजिक पर डांस करने लगे। मार्च को रोकने के लिए पुलिस ने रास्ते में कटीले तार और बैरिकेड लगाए थे. प्रदर्शन के दौरान छात्र इन कटीले तारों को उठाकर ले गए थे।छात्रों का प्रदर्शन अभी भी जारी है।
रांची एसपी पारस राणा की तरफ से जानकारी दी गई है कि विधानसभा मार्च कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रदर्शनकारी को हिरासत में नहीं लिया गया है।
रांची में छात्रों के प्रदर्शन का 17वां दिन खत्म हो गया। छात्रों ने विधानसभा तक मार्च किया। प्रदर्शन में शामिल ज्यादातर छात्र विधानसभा परिसर से वापस लौट गए। हालांकि, रिफॉर्म मंच और महतो गुट के कुछ छात्र अभी भी विधानसभा के बाहर प्रदर्शन जारी रखने पर अड़े हैं। प्रदर्शनकारी अब जयपाल सिंह स्टेडियम लौट रहे हैं। वहीं, जेएसएससी-सीजीएल को लेकर छात्रों और सरकार के बीच गतिरोध जारी है. छात्र संगठनों ने प्रदर्शन जारी रखने का ऐलान किया है।
देर रात तक भी छात्र अपनी मांगों को लेकर डटे हुए हैं. प्रदर्शनकारी छात्र ने बताया कि पुरुष पुलिसकर्मियों ने महिलाओं पर जमकर लाठियां बरसाईं। उन्हें शर्म आनी चाहिए। अगर वहां महिला पुलिसकर्मी मौजूद होतीं तो बात अलग होती। हम शांतिपूर्वक प्रदर्शन कर रहे थे, फिर भी पुलिस ने हमारे साथ बहुत बुरा व्यवहार किया।









