सर्जिकल स्ट्राइक के 10 साल, ‘मन की बात’ में बोले PM मोदी- ‘आतंकवाद पर करारा जवाब’

लेंस डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने ‘मन की बात’ कार्यक्रम के माध्यम से देशवासियों को संबोधित करते हुए भारत की आतंकवाद विरोधी नीति और 2016 में पाकिस्तान के खिलाफ की गई ऐतिहासिक ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ (Surgical strike)के 10 साल पूरे होने पर अहम संदेश दिया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि 28-29 सितंबर 2016 की रात भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा सीमा पार (LoC) जाकर की गई इस कार्रवाई ने पूरी दुनिया को भारत के कड़े इरादों से रूबरू कराया था।

सर्जिकल स्ट्राइक से दुनिया हुई हैरान

कार्यक्रम की शुरुआत में प्रधानमंत्री ने कहा, ‘दस साल पहले भारतीय सेना ने पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों पर सर्जिकल स्ट्राइक की थी। एलओसी के उस पार जाकर हमारे वीर जवानों ने जिस तरह आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई की, उसे देखकर पूरी दुनिया हैरान रह गई थी।’

उन्होंने कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक ने दुनिया के सामने भारत की आतंकवाद विरोधी नीति की एक नई नज़ीर पेश की। दशकों से देश ने आतंकवादी हमलों के कारण जो दर्द और कष्ट झेला था, यह कार्रवाई उस पर एक निर्णायक प्रतिक्रिया थी।

बालाकोट से लेकर ‘ऑपरेशन सिंदूर’ तक बदला भारत का रुख

बीते एक दशक में सुरक्षा रणनीति में आए बदलाव का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि भारत ने बालाकोट एयर स्ट्राइक से लेकर ‘ऑपरेशन सिंदूर’ तक बार-बार यह स्पष्ट संदेश दिया है कि यदि कोई भी आतंकी ताकत भारत पर आंख उठाएगी, तो उसे उसी की भाषा में करारा जवाब मिलेगा।

पुरानी नीतियों और 26/11 का जिक्र

अतीत के दौर को याद करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि एक समय था जब देश में सीरियल ब्लास्ट होना एक सामान्य घटना बन गई थी। उन्होंने सितंबर 2008 के दिल्ली ब्लास्ट और उसके बाद हुए 26/11 मुंबई आतंकी हमले का उल्लेख करते हुए कहा कि पहले की सरकारों में हमलों के बाद कार्रवाई के लिए लंबा इंतजार किया जाता था।

उन्होंने कहा कि आज का भारत आतंकवाद के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर काम कर रहा है जिसके सकारात्मक नतीजे देश के सामने हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now