अमेरिका-ईरान की फेल हुई शांति वार्ता से घबराया शेयर बाजार, Sensex-Nifty ने लगाया गोता

Share Market : अमेरिका और ईरान के तनाव का असर शेयर बजार पर भी साफ दिखाई दिया। सोमवार को पहले कारोबारी दिन घरेलू शेयर बाजार गिरावट के साथ बंद हुए। शुरुआत में तेज गिरावट आई, हालांकि दिन के अंत में कुछ रिकवरी हुई।

BSE सेंसेक्स 702.68 अंक गिरकर 76,847.57 पर बंद हुआ। NSE निफ्टी 207.95 अंक टूटकर 23,842.65 पर बंद हुआ। कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल आया ब्रेंट क्रूड 8% से ज्यादा चढ़ा, जबकि WTI करीब 9% उछलकर 105 डॉलर प्रति बैरल के आसपास पहुंच गया। भारतीय रुपया भी दबाव में रहा और डॉलर के मुकाबले 0.7% गिरकर 93.38 पर आ गया।

सुबह के कारोबार में बीएसई सेंसेक्स करीब 1,600 अंक की गिरावट के साथ 76,000 के स्तर के आसपास कारोबार कर रहा था। एनएसई निफ्टी भी 450 अंक से ज्यादा टूटकर 23,590 के करीब आ गया। शुरुआती घंटों में निफ्टी 23,600 के नीचे चला गया।

बैंकिंग शेयरों पर सबसे ज्यादा दबाव

सरकारी बैंकों के शेयरों में भारी बिकवाली रही। बैंकिंग, वित्तीय सेवाएं और तेल-गैस क्षेत्र सबसे ज्यादा प्रभावित हुए। वहीं फार्मा और हेल्थकेयर जैसे सुरक्षित माने जाने वाले क्षेत्रों में गिरावट अपेक्षाकृत कम रही।

गिरावट की वजह

अमेरिका और ईरान के बीच मिडिल ईस्ट तनाव कम करने के लिए पाकिस्तान में 21 घंटे से ज्यादा चली बातचीत बेनतीजा रही। अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा कि कोई समझौता नहीं हो सका और वे बिना डील के लौट रहे हैं। इस खबर से दुनिया भर के बाजारों में जोखिम से बचने का रुख बढ़ गया।

तेल की कीमतों में तेज उछाल

वार्ता विफल होने के बाद कच्चे तेल की कीमतों में तेजी आई। ब्रेंट क्रूड 103 डॉलर प्रति बैरल के स्तर तक पहुंच गया। इससे वैश्विक अर्थव्यवस्था पर नई चिंताएं पैदा हो गई हैं।

भारतीय वोलेटिलिटी इंडेक्स (VIX) 13% से ज्यादा चढ़कर 21 के ऊपर पहुंच गया। इससे बाजार में अनिश्चितता और बढ़ गई।
शुक्रवार को बाजार में तेजी रही थी। सेंसेक्स 919 अंक चढ़कर 77,550 पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 276 अंक की बढ़त के साथ 24,051 पर पहुंचा था। उस दिन बैंकिंग और ऑटो शेयरों में अच्छी खरीदारी देखी गई थी।

पूनम ऋतु सेन

पूनम ऋतु सेन युवा पत्रकार हैं, इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में बीटेक करने के बाद लिखने,पढ़ने और समाज के अनछुए पहलुओं के बारे में जानने की उत्सुकता पत्रकारिता की ओर खींच लाई। विगत 6 वर्षों से वीमेन, एजुकेशन, पॉलिटिकल, हेल्थ, लाइफस्टाइल से जुड़े मुद्दों पर लगातार खबर कर रहीं हैं और सेन्ट्रल इण्डिया के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अलग-अलग पदों पर काम किया है। द लेंस में बतौर जर्नलिस्ट कुछ नया सीखने के उद्देश्य से फरवरी 2025 से सच की तलाश का सफर शुरू किया है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now