रायपुर में डकैती: डेढ़ करोड़ की 86 किलो चांदी लेकर लूट ले गए नकाबपोश बदमाश

October 4, 2025 9:55 PM
Robbery in Raipur

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में शनिवार की सुबह लूट की एक घटना ने सराफा व्यापारियों में दहशत फैला दी। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के सदर बाजार में दो नकाबपोश डकैतों ने एक सराफा कारोबारी के घर में घुसकर लगभग डेढ़ करोड़ रुपये कीमत की चांदी लूट ली।

बदमाशों ने कारोबारी के सिर पर बंदूक तानकर 86 किलोग्राम चांदी के गहने लूटे और मौके से फरार हो गए। लुटेरे सबूत मिटाने के लिए सीसीटीवी का डीवीआर भी साथ ले गए।

जानकारी के अनुसार, पीड़ित व्यापारी राहुल गोयल उत्तर प्रदेश के आगरा के निवासी हैं। वे रायपुर के सदर बाजार में राजधानी पैलेस के एक किराए के फ्लैट में रहते हैं और स्थानीय बाजार में चांदी के गहनों का व्यापार करते हैं।

छत से लटकती इसी रस्‍सी के सहारे चढ़े थे चोर।

पुलिस ने बताया कि यह डकैती शनिवार सुबह करीब चार बजे हुई। दो अज्ञात नकाबपोश बदमाश बंदूक लेकर कारोबारी के फ्लैट पर पहुंचे और अंदर घुसने का बहाना बनाया। जैसे ही राहुल ने दरवाजा खोला, लुटेरों ने उनकी कनपटी पर बंदूक रखकर उन्हें काबू कर लिया। इसके बाद बदमाशों ने कारोबारी को बेहोशी की दवा सुंघाई, उनके हाथ-पैर बांधे और घर में रखी 86 किलो चांदी लूट ली।

लुटेरे पूरी योजना के साथ आए थे। उन्हें कारोबारी के पास चांदी के बड़े स्टॉक की जानकारी पहले से थी। पुलिस को आशंका है कि लुटेरों को किसी ने अंदरूनी सूचना दी थी। लूट के बाद बदमाश सीसीटीवी का डीवीआर भी ले गए ताकि पुलिस को कोई सबूत न मिले।

सुबह करीब 11 बजे राहुल को होश आया। उन्होंने खुद को रस्सियों से मुक्त किया और पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस, फॉरेंसिक विशेषज्ञ और डॉग स्क्वॉड घटनास्थल पर पहुंचे।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि प्रारंभिक जांच में लूट का तरीका बहुत ही सुनियोजित लग रहा है। कारोबारी के हाथ-पैर बंधे थे और घर से सारी चांदी गायब थी। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है ताकि लुटेरों का पता लगाया जा सके। शहर के सभी प्रवेश और निकास बिंदुओं पर जांच तेज कर दी गई है।

सर्राफा एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष हरख मालू ने इस घटना पर गहरा रोष जताया। उन्होंने कहा कि रायपुर जैसे शहर में ऐसी वारदातें व्यापारियों के लिए चिंताजनक हैं। उन्होंने पुलिस से मांग की कि दोषियों को जल्द पकड़कर कड़ी कार्रवाई की जाए।

मालू ने बताया कि राहुल गोयल लंबे समय से रायपुर में व्यापार कर रहे हैं और स्थानीय व्यापारियों के बीच उनकी अच्छी साख है। इस बड़ी लूट ने पूरे व्यापारी समुदाय को स्तब्ध कर दिया है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related Stories