रायपुर। यूथ कांग्रेस चुनाव में सत्येंद्र चेलक और शैलेंद्र बंजारे को बड़ी राहत मिली है। पैसे देकर सदस्य बनाने के आरोप में रोका गया दोनों का नामांकन अब फिर शुरू कर दिया गया है। चुनाव समिति के इस निर्णय के बाद दोनों नेताओं की चुनाव प्रक्रिया में वापसी हो गई है।
दरअसल, दोनों दावेदारों पर निजी एजेंसी के माध्यम से पैसे देकर सदस्य बनाने का आरोप लगाया गया था। शिकायत के बाद चुनाव समिति ने दोनों का नामांकन रोक दिया था। समिति ने चेलक और बंजारे को नोटिस जारी कर आरोपों पर अपना पक्ष रखने को कहा था।
नोटिस के जवाब में दोनों दावेदारों ने सदस्यता में किसी भी तरह की अनियमितता और पैसे देकर सदस्य बनाने के आरोपों से साफ इनकार किया। उन्होंने चुनाव समिति के सामने अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत किया।
दोनों पक्षों का जवाब मिलने के बाद चुनाव समिति ने मामले पर विचार किया और उनका नामांकन फिर से शुरू करने का निर्णय लिया। इसके साथ ही सत्येंद्र चेलक और शैलेंद्र बंजारे की यूथ कांग्रेस चुनाव में दावेदारी बरकरार हो गई है।
नामांकन प्रक्रिया दोबारा शुरू होने के बाद अब चुनाव में दोनों दावेदारों के सामने अपनी दावेदारी मजबूत करने का रास्ता साफ हो गया है।









