रायपुर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव और उत्तर प्रदेश सह-प्रभारी राजेश तिवारी (Rajesh Tiwari) ने छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा नकटी गांव में चलाए गए बुलडोजर एक्शन की तीखी आलोचना की है।
उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट के ठीक सामने स्थित इस गांव में 85 गरीब परिवारों को उजाड़कर विधायकों को जमीन देने की कार्रवाई भाजपा सरकार की गरीब-विरोधी नीति का उदाहरण है। तिवारी ने कांग्रेस विधायकों से आग्रह किया कि उन्हें ऐसी जमीन लेने से साफ इनकार कर देना चाहिए।
राजेश तिवारी ने कहा कि बड़े प्रोजेक्ट के नाम पर आदिवासियों, किसानों और मजदूरों की जमीन छीनकर उद्योगपतियों और ठेकेदारों को सौंपी जा रही है। नकटी गांव अब महंगी प्रॉपर्टी बन चुका है इसलिए सरकार इसे चुनिंदा तरीके से विधायकों के लिए साफ कर रही है।
उन्होंने सुझाव दिया कि सरकार यदि चाहे तो नव रायपुर में किसी अच्छी लोकेशन पर विधायकों को वैकल्पिक भूखंड दे सकती है।
तिवारी ने जोर देकर कहा कि कांग्रेस गरीबों के साथ खड़ी पार्टी है और उसके विधायकों को गरीबों को उजाड़कर बनाई गई इस जमीन को ठुकराकर उदाहरण पेश करना चाहिए उन्होंने इस मामले को पार्टी हाईकमान के संज्ञान में लाने की भी बात कही।











