संगठन को राहुल गांधी का मंत्र – वंचितों के हक की लड़ाई लड़ें!

रायपुर।चार घंटे के लिए रायपुर आए नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पार्टी संगठन में जान फूंक गए।उन्होंने पार्टी को मंत्र दिया – वंचितों के अधिकारों की लड़ाई लड़ें!

कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर में हिस्सा लेने आए राहुल गांधी ने जिला अध्यक्षों को संगठन में उनकी ताकत का एहसास कराया और कहा कि उनकी सिफारिशें मायने रखेंगी।पार्टी को संघर्ष का पाठ पढ़ाते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ कांग्रेस के नेताओं से साफ–साफ कहा कि यहां पार्टी को हर उस व्यक्ति के साथ खड़ा होना है जो किसी भी तरह के अन्याय का शिकार है,प्रताड़ित है।

जिला अध्यक्षों से श्री गांधी ने कहा – ‘ संघर्ष करो,जरूरत पड़ी तो मैं दस बार आऊंगा ! ’
उन्होंने जिला अध्यक्षों से कहा कि आदिवासियों के अधिकारों की लड़ाई लड़ें,जल–जंगल– जमीन को बचाने की लड़ाई लड़ें।उन्होंने यह भी कहा कि इन लड़ाइयों में वरिष्ठजनों को साथ लें,उनका सहयोग लें।

राहुल गांधी ने पार्टी के जिला और शहर अध्यक्षों से मुलाकात से पहले करीब आधा घंटे प्रदेश के नेताओं से भी चर्चा की।

राहुल गांधी ने कहा कि पार्टी को किसानों,मजदूरों,आदिवासियों,दलितों,महिलाओं,युवाओं से लेकर समाज के हर उस व्यक्ति के अधिकारों की लड़ाई लड़नी होगी जो वंचित है।

राहुल गांधी ने इन नेताओं से भी पूछा कि प्रदेश में भाजपा से मुकाबले की रणनीति क्या होनी चाहिए?

पार्टी सूत्रों के मुताबिक पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का सुझाव था कि छत्तीसगढ़ में पार्टी को अडानी के खिलाफ आवाज़ उठानी चाहिए। अडानी को निशाने पर रख कर संघर्ष की राजनीति करनी चाहिए।

इस बातचीत में नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत ने दो टूक कहा कि सबसे जरूरी तो यह है कि पार्टी एकजुट रहे।सारे नेता एक हो कर लड़ें।

पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने भी अधिकारों की लड़ाई तेज करने की बात कही और कहा कि पार्टी को जल,जंगल,जमीन बचाने के लड़ाई लड़नी होगी साथ ही अल्प संख्यकों के भी हक में खड़ा होना पड़ेगा।
पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष धनेंद्र साहू की राय थी कि पार्टी को खेती किसानी खाद के मुद्दों को लेकर लड़ाई लड़नी चाहिए।

राहुल गांधी इन नेताओं से मुलाकात के बाद सीधे जिला अध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर में चले गए। इस शिविर में छत्तीसगढ़ के सभी जिलों के अध्यक्षों के अलावा पार्टी के प्रभारी महामंत्री सचिन पायलट,प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज और नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत ही उपस्थित थे।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now