नई दिल्ली। कांग्रेस नेता Rahul Gandhi ने शुक्रवार को 10 जनपथ स्थित अपने आवास पर NEET पेपर लीक के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे घायल छात्रों के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पर तीखा हमला किया और उनके इस्तीफे की मांग की। राहुल गांधी ने कहा,’धर्मेंद्र प्रधान एक अपराधी शिक्षा मंत्री हैं। वे हमारे शिक्षा तंत्र के पूरी तरह ध्वस्त होने का प्रतीक हैं। उन्हें इस्तीफा देना ही होगा। उन्हीं की वजह से हजारों युवा आज सड़कों पर उतर आए हैं।’
घायल छात्र की चोट दिखाई, पैलेट गन का जिक्र
राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान साहिल लोचाब नाम के 19 वर्षीय छात्र को अपने साथ बिठाया। उन्होंने छात्र की हाथ, पीठ और छाती पर लगी चोटों को मीडिया को दिखाया। राहुल ने कहा, ‘यह मेरा छोटा भाई है। यह तिरंगा लेकर शांतिपूर्वक प्रदर्शन कर रहा था, लेकिन पुलिस की पैलेट गन से घायल हो गया।’
कौन हैं साहिल लोचाब?
साहिल लोचाब(19 वर्ष) दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के नजफगढ़ का रहने वाला है। दिल्ली विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग (SOL) का छात्र। 20 जुलाई को ‘संसद चलो’ मार्च के दौरान जंतर मंतर पर पुलिस की पैलेट गन से दाहिनी आंख में गंभीर चोट आई।
AIIMS के जयप्रकाश नारायण एपेक्स ट्रॉमा सेंटर में उसकी सर्जरी हुई है। डॉक्टरों के अनुसार, आंख की पुतली को गंभीर नुकसान पहुंचा है। रोशनी लौटने की संभावना मात्र 1% है। साहिल की मां ज्योति ने बताया कि उनका बेटा हमेशा से पुलिस अधिकारी बनना चाहता था। वह CJP (Cockroach Janata Party) के प्रदर्शनों में पहले भी शामिल हो चुका था।
20 जुलाई की घटना
20 जुलाई को NEET पेपर लीक के विरोध में कॉकरोच जनता पार्टी के नेतृत्व में “संसद चलो” मार्च निकाला गया था। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हुई, जिसमें 100 से ज्यादा छात्र और पुलिसकर्मी घायल हुए। राहुल गांधी ने स्पष्ट कहा कि जब तक धर्मेंद्र प्रधान को हटाया नहीं जाता, तब तक वे सरकार के साथ कोई बातचीत या चर्चा नहीं करेंगे। उन्होंने संसद में अपनी बात रखने के दौरान माइक बंद किए जाने का भी जिक्र किया। राहुल ने कहा कि शिक्षा मंत्री की वजह से पूरा शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं और युवा आंदोलन पर उतर आए हैं।







