महाराष्ट्र के इंद्रायणी नदी पर पुल ढहा, 2 की मौत, 30 पर्यटकों के लापता होने की आशंका

June 16, 2025 3:10 PM
Pune Accident

द लेंस डेस्क । महाराष्ट्र के पुणे जिले में मावल तालुका के कुंदमाला क्षेत्र में इंद्रायणी नदी पर ( Pune Accident ) बना एक पुराना लोहे का पुल रविवार दोपहर करीब 3:30 बजे अचानक ढह गया। इस हादसे में कम से कम 2 लोगों की मौत हो गई जबकि 25 से 30 पर्यटकों के नदी में बह जाने की आशंका है। रविवार होने के कारण यह क्षेत्र पर्यटकों से भरा हुआ था जिसके चलते हादसा और भी गंभीर हो गया।

पुल पर उस समय करीब 100 लोग मौजूद थे जब यह अचानक टूटकर नदी में गिर गया। स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के समय बारिश नहीं हो रही थी लेकिन पिछले दो दिनों की भारी बारिश के कारण नदी का जलस्तर काफी बढ़ा हुआ था। यह पुल लगभग 30 साल पुराना था और संकरा होने के कारण भीड़ का दबाव शायद सहन नहीं कर सका।

हादसे की सूचना मिलते ही राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) पुलिस, अग्निशमन दल और स्थानीय लोग बचाव कार्य में जुट गए। अब तक 5-6 लोगों को सुरक्षित निकाला जा चुका है जबकि 32 लोग घायल हैं जिनमें 6 की हालत गंभीर बताई जा रही है। बचाव कार्य के लिए 18 एम्बुलेंस और नावें तैनात की गई हैं।

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा, “हमारी टीमें पूरी ताकत से बचाव कार्य में जुटी हैं। इस घटना की गहन जांच होगी और जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।” साथ ही, उन्होंने राज्य में नदियों पर बने सभी पुलों की संरचनात्मक जांच के आदेश दिए हैं।

हालांकि हादसे का सटीक कारण अभी स्पष्ट नहीं है लेकिन माना जा रहा है कि भारी बारिश और पुराने ढांचे की कमजोरी इसके पीछे हो सकती है। मावल के विधायक सुनील शेलके ने बताया कि कुछ लोग नदी में गिरने के बाद किनारे तक पहुंचने में सफल रहे, लेकिन कई अभी भी लापता हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें। स्थानीय पुलिस और आपदा प्रबंधन टीमें स्थिति पर नजर रखे हुए हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now