सोनम वांगचुक के समर्थन में छत्तीसगढ़ में आंदोलन तेज, 5 युवा भूख हड़ताल पर; रातभर जारी रहेगा धरना

Sonam Wangchuk

रायपुर। शिक्षा व्यवस्था में सुधार, पेपर लीक की घटनाओं पर रोक और सोनम वांगचुक (Sonam Wangchuk) के समर्थन में रायपुर के डॉ. भीमराव अंबेडकर चौक पर सोमवार को युवाओं का आंदोलन और तेज हो गया। यह आंदोलन रात भर जारी रहेगा। अगले दिन भी यानी मंगलवार को इसे कंटीन्यू किया जाएगा।

इससे पहले अंबेडकर चौक में रविवार को करीब हजार की संख्या में युवा पहुंचकर सोनम वांगचुक के समर्थन में प्रदर्शन कर चुके हैं। रायपुर के अलावा छत्तीसगढ़ के अलग-अलग शहरों में भी इस तरह के आंदोलन हो रहे हैं।

इस आंदोलन में एनएसयूआई कार्यकर्ताओं के साथ विभिन्न छात्र संगठनों, सामाजिक संगठनों और अलग-अलग पृष्ठभूमि से जुड़े युवा भी शामिल हैं। युवाओं ने धरना देकर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में एक परिवार भी मौजूद है। इसमें एक 4 वर्ष का बच्चा भी है। इस दौरान पांच कार्यकर्ता अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठ गए।

अंबेडकर चौक स्थित बाबा अंबेडकर की प्रतिमा के पास आंदोलन में शामिल 4 वर्ष का बच्चा।

भूख हड़ताल पर बैठे कार्यकर्ताओं में हेमंत पाल, अनुज शुक्ला, इंडिया घृतलहरे, ड्रिंकल और सोनम शामिल हैं। प्रदर्शन के दौरान युवाओं ने अपने खून से ‘धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो’ लिखकर विरोध दर्ज कराया और परीक्षा प्रणाली में सुधार की मांग उठाई।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि वे दिल्ली के जंतर-मंतर में चल रहे आंदोलन में शामिल नहीं हो सके, इसलिए रायपुर में रहकर ही सोनम वांगचुक के समर्थन में आंदोलन कर रहे हैं। उनका कहना है कि यह लड़ाई किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि देशभर के छात्रों और युवाओं के भविष्य की है।

धरने में शामिल युवाओं ने कहा कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों ने लाखों प्रतियोगी परीक्षार्थियों का भविष्य प्रभावित किया है। बार-बार परीक्षाएं होने से युवाओं का समय, मेहनत और आर्थिक संसाधन बर्बाद हो रहे हैं। उन्होंने सरकार से परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी और जवाबदेह बनाने, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए मजबूत व्यवस्था लागू करने की मांग की।

प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग दोहराते हुए कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक और परीक्षा संबंधी विवादों की नैतिक जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। साथ ही दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों के खिलाफ हुई पुलिस कार्रवाई की भी निंदा की गई। उनका कहना था कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन हर नागरिक का संवैधानिक अधिकार है।

आंदोलनकारियों ने घोषणा की कि सोमवार रात भी धरना लगातार जारी रहेगा। इसके साथ ही मंगलवार 21 जुलाई को भी आंदोलन जारी रखा जाएगा। प्रदर्शन को और व्यापक बनाने की तैयारी की जा रही है तथा आने वाले दिनों में भूख हड़ताल पर बैठने वाले कार्यकर्ताओं की संख्या भी बढ़ाई जा सकती है। आंदोलन से जुड़े युवाओं का कहना है कि जब तक शिक्षा और रोजगार से जुड़े मुद्दों पर ठोस निर्णय नहीं लिए जाते, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।

दानिश अनवर

दानिश अनवर, द लेंस में जर्नलिस्‍ट के तौर पर काम कर रहे हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 14 वर्षों का अनुभव है। द लेंस से पहले दैनिक भास्‍कर में इन्‍वेस्टिगेटिव रिपोर्टिंग टीम में सीनियर रिपोर्टर, नवभारत में क्राइम रिपोर्टर, नईदुनिया में स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट और पत्रिका अखबार में रिपोर्टर के तौर पर 10 साल काम किया। इन सभी अखबारों में दानिश अनवर ने विभिन्न विषयों जैसे- क्राइम, पॉलिटिकल, एजुकेशन, स्‍पोर्ट्स, कल्‍चरल और स्‍पेशल इन्‍वेस्टिगेशन स्‍टोरीज कवर की हैं। दानिश को प्रिंट का अच्‍छा अनुभव है। वह सेंट्रल इंडिया के कई शहरों में काम कर चुके हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related Stories