रायपुर। छत्तीसगढ़ की भाजपा से जुड़ी (CG BJP) एक कथित व्हाट्सएप चैट वायरल होने के बाद नया विवाद खड़ा हो गया है। सोशल मीडिया पर वायरल स्क्रीनशॉट में दावा किया जा रहा है कि भाजपा के एक जिलाध्यक्ष पर एल्डरमैन पद दिलाने के नाम पर 2.50 लाख रुपये लेने का आरोप लगाया गया है। हालांकि, वायरल चैट की पुष्टि नहीं हुई है।
वायरल स्क्रीनशॉट में भाजपा नेता अंबेश जांगड़े को संबोधित एक संदेश दिखाई दे रहा है। संदेश भेजने वाले का नाम शरद चंद्र शर्मा बताया गया है, जिन्होंने स्वयं को जिला संयोजक, सहकारिता प्रकोष्ठ लिखा है।
कथित संदेश में लिखा गया है कि नगर पंचायत अध्यक्ष गोविंद यादव के माध्यम से एल्डरमैन नियुक्ति के संबंध में ढाई लाख रुपए दिए गए थे। लेकिन नियुक्ति नहीं होने पर राशि वापस करने का अनुरोध किया गया था।
वायरल चैट में आगे लिखा गया है कि कई दिनों से संपर्क करने की कोशिश के बावजूद फोन रिसीव नहीं किया जा रहा है और बार-बार ” कहकर बात टाली जा रही है।
संदेश के अंत में पैसे जल्द लौटाने या लिखित रूप से यह बताने का अनुरोध किया गया है कि राशि कब तक वापस की जाएगी।
सोशल मीडिया पर तेज हुई सियासी चर्चा
यह कथित चैट वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कई यूजर्स इस मामले में भाजपा से जवाब मांग रहे हैं, जबकि कुछ लोग वायरल स्क्रीनशॉट की प्रामाणिकता पर भी सवाल उठा रहे हैं।
फिलहाल इस मामले में भाजपा संगठन, अंबेश जांगड़े या संबंधित पक्ष की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। साथ ही, इस वायरल चैट की सत्यता की किसी स्वतंत्र एजेंसी या आधिकारिक दस्तावेज से पुष्टि नहीं हुई है।
यदि संबंधित पक्ष की ओर से कोई बयान या स्पष्टीकरण जारी होता है, तो खबर को उसी के अनुरूप अपडेट किया जाएगा।










