लेंस डेस्क। PM Modi Israel visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इज़राइल यात्रा के दूसरे और अंतिम दिन यरुशलम में कई महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर हुए। दोनों देशों के बीच उच्च-स्तरीय वार्ता हुई, जिसमें प्रधानमंत्री मोदी और इज़राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भाग लिया। इस दौरान दोनों नेताओं ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस की।
इज़राइल के विदेश मंत्री गिदोन सा’आर और भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कृषि क्षेत्र में विशेष रूप से कई समझौते किए। इनमें कृषि नवाचार, सिविलियन ड्रोन का उपयोग, सैटेलाइट डेटा, सिंचाई और उर्वरक प्रबंधन, कीट नियंत्रण, ग्रीनहाउस खेती और उन्नत कृषि तकनीकों के ज्ञान हस्तांतरण जैसे विषय शामिल हैं।
इसके अलावा भारत में कृषि अनुसंधान और नवाचार केंद्र स्थापित करने के लिए एक अलग MOU पर हस्ताक्षर हुए, जिसके तहत प्रशिक्षण कार्यक्रम, विशेषज्ञों का आदान-प्रदान और शैक्षणिक सहयोग होगा। कुल मिलाकर दोनों देशों के बीच 16 द्विपक्षीय समझौते पर हस्ताक्षर हुए हैं।
इसके साथ ही पीएम मोदी ने यरुशलम के प्रसिद्ध याद वाशेम होलोकॉस्ट स्मारक का दौरा किया। उन्होंने होलोकॉस्ट पीड़ितों को श्रद्धांजलि अर्पित की, पुष्पचक्र चढ़ाया और ‘बुक ऑफ नेम्स हॉल’ देखा। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि यह दौरा होलोकॉस्ट की क्रूरता की याद दिलाता है और अन्याय के खिलाफ खड़े होने और बेहतर विश्व बनाने के संकल्प को मजबूत करता है।









