लेंस डेस्क । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ‘मन की बात’ ‘Mann Ki Baat’ के 135वें एपिसोड में देशवासियों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि भारत अब समुद्र से लेकर आकाश तक ज्यादा सुरक्षित और आत्मनिर्भर बन रहा है। जून महीने में देश ने सुरक्षा और विकास से जुड़ी कई बड़ी कामयाबियां हासिल की हैं।
पीएम मोदी ने कोलकाता में भारतीय नौसेना के कार्यक्रम का जिक्र करते हुए बताया कि INS दुनागिरी, INS संशोधक और INS अग्रे को नौसेना के बेड़े में शामिल किया गया। इन तीनों जहाजों का डिजाइन और निर्माण पूरी तरह स्वदेशी है। इसके अलावा, DRDO ने स्वदेशी लॉन्ग रेंज लैंड अटैक क्रूज मिसाइल का सफल परीक्षण किया। पीएम ने कहा कि DRDO की लैब्स और भारतीय उद्योगों के सहयोग से बनी यह मिसाइल देश की सुरक्षा को मजबूत करेगी।
विमानन क्षेत्र में भी अच्छी खबर है। C-295 विमान ने ‘मेड इन इंडिया’ के तहत अपनी पहली सफल उड़ान भरी। भारत में 40 ऐसे विमान बनाए जा रहे हैं, जिससे MSME, एयरोस्पेस क्षेत्र को बढ़ावा मिल रहा है और नए रोजगार के अवसर पैदा हो रहे हैं।
योग के क्षेत्र में भारत का शानदार प्रदर्शन
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर दुनिया के 2500 से ज्यादा स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित हुए। भारत में करोड़ों लोगों ने योग किया। अहमदाबाद में हुई विश्व योगासन चैंपियनशिप में भारत ने कुल 114 मेडल जीते, जिनमें 102 गोल्ड मेडल शामिल हैं। भारत पदक तालिका में पहले स्थान पर रहा।
नॉर्थईस्ट की प्रेरणादायक कहानियां
असम: हरगिला पक्षी को पहले अशुभ माना जाता था। महिलाओं की ‘हरगिला आर्मी’ ने अंधविश्वास को तोड़कर इसे गांव की पहचान बना दिया। जीव वैज्ञानिक पूर्णिमा देवी बर्मन के नेतृत्व में हजारों महिलाओं ने इस अभियान को सफल बनाया।
मेघालय: जीवित रूट ब्रिज (जड़ों से बने पुल) दशकों में तैयार होते हैं। ये प्रकृति और मानव का अद्भुत उदाहरण हैं। भारत ने इन्हें यूनेस्को वर्ल्ड हेरिटेज साइट में शामिल करने के लिए आवेदन किया है।
नगालैंड: यहां बेबी लीग (5-12 साल के बच्चों की) और विमेन फुटसल लीग चल रही है, जो बच्चों और महिलाओं को खेल के जरिए आगे बढ़ा रही हैं।
अन्य राज्यों की अच्छी पहल
महाराष्ट्र (नांदेड़): एक परिवार ने शादी में पूरे गांव के 3500 लोगों का एक लाख रुपये का दुर्घटना बीमा कराया।
बिहार: नालंदा विश्वविद्यालय ने प्राचीन शास्त्रार्थ परंपरा को दीक्षांत समारोह में फिर से जीवित किया।
दिल्ली: सेंट्रल संस्कृत यूनिवर्सिटी ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डेटा साइंस में B.Tech शुरू करने का फैसला किया।
मध्य प्रदेश (राजगढ़): महिलाएं प्लास्टिक कचरे को इको-ब्रिक्स में बदल रही हैं।
पीएम की दो अहम अपील
गणेश चतुर्थी पर: केवल मिट्टी की मूर्तियां खरीदें, जो स्थानीय कुम्हारों ने बनाई हों। POP वाली मूर्तियां न खरीदें।
सोना खरीद पर: पश्चिम एशिया में तनाव को देखते हुए पीएम ने सोना खरीदने से बचने की अपील की थी। देशवासियों ने इस अपील का अच्छा साथ दिया। कई लोगों ने कारपूलिंग जैसे अनुभव भी साझा किए।








