रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के पुरेना जोन क्षेत्र में बिजली बिलों (Bijli Bills) में कथित भारी गड़बड़ी को लेकर NSUI ने विद्युत वितरण कंपनी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
संगठन के प्रदेश सचिव कुणाल राजू दुबे ने विभाग पर गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
कुणाल दुबे ने कहा कि क्षेत्र के कई उपभोक्ताओं को वास्तविक खपत से कई गुना अधिक राशि के बिजली बिल भेजे जा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि जागरूक नागरिकों द्वारा जब स्वयं मीटर रीडिंग का मिलान किया गया, तो कई मामलों में भारी अंतर सामने आया। एक उपभोक्ता को जारी ₹22 हजार के बिल को जांच के बाद घटाकर करीब ₹10 हजार किया गया।
उन्होंने आरोप लगाया कि विभागीय अधिकारी भी कई बिलों के अधिक जारी होने की बात स्वीकार कर चुके हैं और उनमें सुधार की प्रक्रिया चल रही है। इसके बावजूद बड़े पैमाने पर ऐसी त्रुटियां सामने आना विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है।
NSUI नेता ने कहा कि यदि उपभोक्ताओं से गलत तरीके से अतिरिक्त राशि वसूली जा रही है, तो इसकी जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। उन्होंने इसे आम जनता, खासकर गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों के साथ अन्याय बताया।
संगठन ने मांग की है कि पूरे क्षेत्र के बिजली बिलों की तत्काल निष्पक्ष जांच कराई जाए, मीटर रीडिंग प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया जाए और गलत बिल पाने वाले उपभोक्ताओं को संशोधित बिल जारी कर राहत दी जाए। साथ ही दोषी अधिकारियों व कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।
कुणाल दुबे ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो NSUI आम जनता के साथ मिलकर आंदोलन और धरना-प्रदर्शन करेगी, जिसकी जिम्मेदारी विद्युत विभाग की होगी।










