छत्तीसगढ़ में NRLM बिहान महिलाओं का अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी,तूता में राज्य स्तरीय प्रदर्शन

छत्तीसगढ़ की NRLM बिहान योजना से जुड़ी हजारों महिलाएं 33 दिनों से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। आज गुरुवार 23 मार्च को उनके संगठन – सीआरपी/सक्रिय महिला संघ और कृषि सखी पशु सखी संघ ने तूता धरना स्थल पर दोपहर 11 बजे से शाम 4 बजे तक राज्य स्तरीय प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री सह पंचायत मंत्री विजय शर्मा के नाम ज्ञापन सौंपा गया। महिलाओं की मुख्य मांग है कि उनका मासिक मानदेय 1910 रुपये से बढ़ाकर सम्मानजनक स्तर तक किया जाए, जो छत्तीसगढ़ न्यूनतम वेतन अधिनियम के अनुसार हो। उनका कहना है कि इतने कम मानदेय में न तो घर चलता है और न ही विभागीय काम के लिए आने-जाने का खर्च निकल पाता है।

पड़ोसी राज्य महाराष्ट्र में ऐसी ही सक्रिय महिलाओं को 6000 रुपये (केंद्र 3000 + राज्य 3000) मिलते हैं। महिलाओं ने बताया कि वे गांव-गांव में लखपति दीदी और ड्रोन दीदी बनाकर प्रधानमंत्री के सपनों को पूरा कर रही हैं लेकिन उनकी अपनी मांगें अब तक अनसुनी हैं।

पिछले कई महीनों से राज्य और जिला स्तर पर धरना, प्रदर्शन और ज्ञापन दिए जा चुके हैं। 5 जनवरी, 15 जनवरी, 19 फरवरी और 7 मार्च को लखपति दीदी सम्मान समारोह में भी सैकड़ों महिलाएं शामिल हुईं, लेकिन कोई ठोस घोषणा नहीं हुई। राज्य बजट में लखपति दीदी का प्रचार तो हुआ, लेकिन इन कैडर महिलाओं की मांगों पर चुप्पी साधी गई।

प्रदर्शन में सीआरपी/सक्रिय महिला संघ की प्रांताध्यक्ष पदमा पाटिल, महासचिव बिंदु यादव, कृषि सखी पशु सखी संघ की प्रांताध्यक्ष ऐश्वर्या राय और अन्य पदाधिकारियों ने अपनी बात रखी। संगठन ने चेतावनी दी है कि अगर मांगें जल्द नहीं मानी गईं तो हड़ताल और तेज होगी।

पूनम ऋतु सेन

पूनम ऋतु सेन युवा पत्रकार हैं, इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में बीटेक करने के बाद लिखने,पढ़ने और समाज के अनछुए पहलुओं के बारे में जानने की उत्सुकता पत्रकारिता की ओर खींच लाई। विगत 6 वर्षों से वीमेन, एजुकेशन, पॉलिटिकल, हेल्थ, लाइफस्टाइल से जुड़े मुद्दों पर लगातार खबर कर रहीं हैं और सेन्ट्रल इण्डिया के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अलग-अलग पदों पर काम किया है। द लेंस में बतौर जर्नलिस्ट कुछ नया सीखने के उद्देश्य से फरवरी 2025 से सच की तलाश का सफर शुरू किया है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now