‘निर्मल बाबा’ ने इलाज के बहाने महिला से किया दुष्कर्म, न्यूड फोटो इंस्टाग्राम पर अपलोड कर ब्लैकमेल

April 23, 2026 7:11 PM
Nirmal Baba

लेंस न्यूज। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में एक निर्मल बाबा (Nirmal Baba) द्वारा महिला से दुष्कर्म और ब्लैकमेल करने का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी को हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला से गिरफ्तार कर लिया है।

पीड़िता ने 11 अप्रैल 2026 को पामगढ़ थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, आरोपी खुद को ‘निर्मल बाबा’ बताकर चमत्कारी इलाज करने का दावा करता था और चैत्र नवरात्रि के दौरान पामगढ़ क्षेत्र में पदयात्रा कर रहा था।

पीड़िता को शरीर में दर्द की समस्या थी, जिसके इलाज के लिए वह अपनी सहेली के साथ आरोपी से मिली थी। आरोप है कि आरोपी ने पहले हाथ देखकर झांसा दिया कि उसका इलाज संभव है और उसे प्रसाद खिलाकर विश्वास में ले लिया।

इसके बाद आरोपी ने 26 मार्च को पीड़िता को बाजार बुलाया और फिर बहाने से उसे बिलासपुर और वहां से मध्यप्रदेश के मैहर ले गया। वहां एक होटल में ठहराकर आरोपी ने इलाज के नाम पर उसके साथ बार-बार दुष्कर्म किया और न्यूड फोटो भी खींच लिए।

पीड़िता के अनुसार, विरोध करने पर आरोपी ने उसे धमकाया और बाद में 1 अप्रैल को बिलासपुर में छोड़कर फरार हो गया।

घटना यहीं नहीं रुकी। आरोप है कि आरोपी ने बाद में पीड़िता को फोन कर परेशान किया और जब उसने नंबर ब्लॉक किया तो फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर उसकी अश्लील तस्वीरें पोस्ट कर दीं और उसे ब्लैकमेल करने लगा।

शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित की। तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी का लोकेशन ट्रेस कर उसे हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी महाराष्ट्र के नासिक का रहने वाला है और पूछताछ में उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है।

आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(2)(एम) और आईटी एक्ट की धारा 67 के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now