Nepal Bus accident: काठमांडू जा रही बस नदी में गिरी, 17 यात्रियों की मौत

February 23, 2026 1:59 PM

लेंस डेस्क। नेपाल के धाडिंग जिले में रविवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जिसमें 17 लोगों की जान चली गई। पोखरा से राजधानी काठमांडू आ रही एक यात्री बस पृथ्वी राजमार्ग पर गजुरी के पास त्रिशूली नदी में गिर गई।

हादसा रात करीब डेढ़ बजे हुआ, जब बस काठमांडू से लगभग 90 किलोमीटर पश्चिम की ओर बढ़ रही थी। बताया जा रहा है कि बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा गिरी और सीधे नदी में समा गई।

सशस्त्र पुलिस बल के प्रवक्ता बिष्णु प्रसाद भट्ट के अनुसार दुर्घटनास्थल से अब तक 17 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं। मरने वालों में एक पुरुष यात्री न्यूजीलैंड का नागरिक भी शामिल है। हादसे में 28 यात्री घायल हुए हैं, जिन्हें तुरंत नजदीकी और काठमांडू के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

घायलों में जापान और नीदरलैंड की एक-एक महिला भी शामिल हैं। कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।बस में 40 से अधिक यात्री सवार बताए जा रहे हैं।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही नेपाल सेना, सशस्त्र पुलिस बल और नेपाल पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गईं। अंधेरी रात और नदी का तेज बहाव राहत कार्य में चुनौती बनकर सामने आया, लेकिन सुरक्षा बलों ने स्थानीय लोगों की मदद से रातभर बचाव अभियान चलाया।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now