NEET PG 2026 Cancelled : देशभर में आज नीट पीजी 2026 परीक्षा आयोजित की गई। करीब 2.63 लाख उम्मीदवारों ने इसमें हिस्सा लिया। परीक्षा ज्यादातर केंद्रों पर सुचारू रूप से चली, लेकिन जयपुर के एक सेंटर पर तकनीकी समस्या और छात्रों के विरोध के बाद परीक्षा रद्द करनी पड़ी। नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन्स इन मेडिकल साइंसेज (NBEMS) ने प्रभावित उम्मीदवारों के लिए नई तारीख घोषित कर दी है।
परीक्षा कहां और कैसे हुई
आज देश के 1,111 परीक्षा केंद्रों पर नीट पीजी परीक्षा एक ही शिफ्ट में कराई गई। परीक्षा सुबह 9 बजे शुरू होकर दोपहर 12:30 बजे समाप्त होनी थी। MD-MS जैसे पोस्टग्रेजुएट मेडिकल कोर्स में दाखिले के लिए यह महत्वपूर्ण परीक्षा है। जयपुर के सीतापुरा स्थित ION डिजिटल जोन IDZ सेंटर में परीक्षा के दौरान बवाल देखें को मिला।
जयपुर सेंटर पर क्या हुआ
जयपुर के सीतापुरा परीक्षा केंद्र पर अंदरूनी बिजली की खराबी के कारण परीक्षा समय पर शुरू नहीं हो सकी। बिजली चले जाने से परीक्षा बाधित हुई। इससे नाराज परीक्षार्थियों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। उम्मीदवारों का आरोप है कि तकनीकी समस्या के कारण परीक्षा तय समय पर नहीं शुरू हुई। वे अधिकारियों से स्थिति स्पष्ट करने और आगे की योजना बताने की मांग कर रहे थे।
परीक्षा रद्द करने का फैसला
छात्रों के बवाल की सूचना मिलते ही अधिकारी सक्रिय हो गए और एनबीईएमएस को जानकारी दी गई। बोर्ड ने तुरंत बैठक बुलाई। इसमें प्रौद्योगिकी साझेदार और परीक्षा केंद्र पर जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित करने वाली एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई तय करने पर भी चर्चा हुई। बैठक के बाद प्रभावित केंद्र की परीक्षा रद्द करने का फैसला लिया गया।
री-एग्जाम की तारीख घोषित
एनबीईएमएस ने प्रभावित सभी उम्मीदवारों के लिए 5 सितंबर 2026 (शनिवार) को दोबारा परीक्षा कराने का ऐलान किया है। री-एग्जाम जयपुर में दोपहर 3 बजे होगा। परीक्षा स्थल, नए एडमिट कार्ड और अन्य जरूरी जानकारी बाद में अलग से जारी की जाएगी।
बोर्ड ने सभी उम्मीदवारों से अपील की है कि वे री-एग्जाम से जुड़ी कोई भी जानकारी सिर्फ आधिकारिक वेबसाइट और आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से ही लें।











