SI भर्ती की प्रारंभिक लिखित परीक्षा में चयनित अभ्यर्थियों की सूची में ‘SPACERANI’ और ‘NEWS’ जैसे नाम, कांग्रेस ने उठाए सवाल

रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) द्वारा सूबेदार, उप निरीक्षक (SI) संवर्ग और प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा-2024 के प्रारंभिक लिखित परीक्षा परिणाम जारी होने के बाद राजनीतिक विवाद शुरू हो गया है। कांग्रेस ने आयोग की चयन सूची के कुछ अंश सोशल मीडिया और अपने मीडिया ग्रुप में साझा करते हुए सरकार और आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।

कांग्रेस ने दावा किया है कि मुख्य परीक्षा के लिए चयनित अभ्यर्थियों की सूची में कुछ नामों की जगह ‘SPACERANI’, ‘NEWS’ जैसे शब्द दर्ज हैं। पार्टी ने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए कहा कि इससे भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल खड़े होते हैं।

CGPSC ने 4 अगस्त 2026 को जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि गृह पुलिस विभाग के अंतर्गत सूबेदार, उप निरीक्षक संवर्ग और प्लाटून कमांडर परीक्षा-2024 के 341 पदों के लिए 12 जुलाई 2026 को प्रारंभिक लिखित परीक्षा आयोजित की गई थी।

आयोग के अनुसार, नियमों के मुताबिक मुख्य परीक्षा के लिए 20 गुना यानी 6,820 अभ्यर्थियों को चयनित किया जाना था, लेकिन विभिन्न वर्गों में समान अंक (टाई) की स्थिति के कारण कुल 7,301 अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए चिन्हित किया गया है।

कांग्रेस ने अपने मीडिया ग्रुप में वायरल स्क्रीनशॉट साझा करते हुए लिखा कि चयनित अभ्यर्थियों की सूची में ‘SPACERANI’, ‘NEWS’ और अन्य असामान्य नाम दिखाई दे रहे हैं। पार्टी ने इसे सुशासन के दावे पर सवाल बताते हुए आयोग से जवाब मांगा है।

फिलहाल CGPSC की ओर से वायरल सूची में दिखाई दे रहे इन नामों को लेकर कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण जारी नहीं किया गया है। यह भी स्पष्ट नहीं है कि यह तकनीकी त्रुटि, डेटा एंट्री की गलती या किसी अन्य कारण से हुआ है।

यदि आयोग इस संबंध में कोई स्पष्टीकरण जारी करता है, तो स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

दानिश अनवर

दानिश अनवर, द लेंस में जर्नलिस्‍ट के तौर पर काम कर रहे हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 14 वर्षों का अनुभव है। द लेंस से पहले दैनिक भास्‍कर में इन्‍वेस्टिगेटिव रिपोर्टिंग टीम में सीनियर रिपोर्टर, नवभारत में क्राइम रिपोर्टर, नईदुनिया में स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट और पत्रिका अखबार में रिपोर्टर के तौर पर 10 साल काम किया। इन सभी अखबारों में दानिश अनवर ने विभिन्न विषयों जैसे- क्राइम, पॉलिटिकल, एजुकेशन, स्‍पोर्ट्स, कल्‍चरल और स्‍पेशल इन्‍वेस्टिगेशन स्‍टोरीज कवर की हैं। दानिश को प्रिंट का अच्‍छा अनुभव है। वह सेंट्रल इंडिया के कई शहरों में काम कर चुके हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now