बिहार में खूनी खेल, मोकामा में RJD नेता की हत्‍या, JDU प्रत्‍याशी अनंत सिंह के समर्थकों पर आरोप

October 30, 2025 9:06 PM
murder in mokama

पटना। मोकामा टाल क्षेत्र में बिहार के चुनावी माहौल के बीच एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। गुरुवार को दो गुटों के बीच हुई हिंसक झड़प और गोलीबारी में जनसुराज उम्मीदवार पीयूष प्रियदर्शी के समर्थक और आरजेडी नेता दुलारचंद यादव की जान चली गई। जानकारी के अनुसार, यह घटना तब हुई जब दुलारचंद अपने समर्थकों के साथ पीयूष के लिए प्रचार कर रहे थे।

स्थानीय लोगों का कहना है कि मोकामा टाल के एक गांव में प्रचार के दौरान दो पक्षों में तनातनी शुरू हुई, जो जल्द ही मारपीट और गोलीबारी में बदल गई। इस दौरान दुलारचंद के सीने में गोली लगी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। गोली चलने की आवाज से इलाके में हड़कंप मच गया और लोग इधर-उधर भागने लगे।

एक्स पर निर्मल राज नामक यूजर ने दावा किया कि मोकामा के बाहुबली अनंत सिंह के समर्थकों ने जनसुराज उम्मीदवार और उनके साथी पर हमला किया, जिससे दुलारचंद की मौत हुई। उन्होंने परिवार के दुख को उजागर करते हुए चुनाव आयोग से अनंत सिंह के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की।

घटना की सूचना मिलते ही बाढ़ के एएसपी, ग्रामीण एसपी और पटना के एसएसपी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और जांच जारी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह झगड़ा प्रचार के दौरान पुरानी दुश्मनी या राजनीतिक दबदबे को लेकर शुरू हुआ हो सकता है।

कौन थे दुलारचंद यादव?

दुलारचंद यादव मोकामा टाल में एक जाना-पहचाना नाम थे। वे कभी लालू प्रसाद यादव के करीबी सहयोगी थे और आरजेडी के लिए सक्रिय रूप से काम करते थे। 1990 के दशक में लालू के शासनकाल में उनकी इस इलाके में मजबूत पकड़ थी। वे आरजेडी के जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं को संगठित करने में अहम भूमिका निभाने वालों में गिने जाते थे।

राजनीति के अलावा उनका सामाजिक दायरा भी काफी व्यापक था। हाल ही में वे जनसुराज आंदोलन से जुड़े और पीयूष प्रियदर्शी के समर्थक बन गए। कुछ दिन पहले उनका गाया एक चुनावी गीत सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था, जिसमें उन्होंने लल्लू मुखिया का समर्थन किया था।

मोकामा टाल का इलाका लंबे समय से राजनीतिक और आपराधिक गतिविधियों के लिए चर्चा में रहा है। यहां बाहुबल और राजनीति का गहरा गठजोड़ देखा जाता है। पुलिस ने घटनास्थल से गोली के कुछ खोखे बरामद किए हैं और छानबीन शुरू कर दी है। बाढ़ के एएसपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला आपसी विवाद से जुड़ा प्रतीत होता है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now