लॉरेंस बिश्नोई गैंग के 5 गुर्गों की गिरफ्तारी, मुंबई क्राइम ब्रांच को मिली सफलता

द लेंस डेस्क। मुंबई क्राइम ब्रांच की एंटी एक्सटॉर्शन सेल ने एक बड़ी कार्रवाई में 5 शूटरों को गिरफ्तार किया है, जो एक गैंगस्टर के इशारे पर किसी हाई-प्रोफाइल शख्स की हत्या की साजिश रच रहे थे। पुलिस ने इनके पास से 7 पिस्टल और 21 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। आरोपी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान से मुंबई आए थे।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि शहर में कोई बड़ी वारदात होने वाली है। इसके बाद क्राइम ब्रांच ने विशेष टीम बनाकर निगरानी शुरू की। जांच में पता चला कि एक आरोपी अंधेरी के प्लैटिनम होटल के कमरा नंबर 16 में ठहरा था। टीम ने वहां छापा मारकर सभी आरोपियों को धर दबोचा।

आरोपियों के लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े होने का संदेह है, हालांकि इसकी पुष्टि के लिए जांच जारी है। पुलिस के मुताबिक, ये पेशेवर अपराधी हैं और इनके खिलाफ पहले भी मामले दर्ज हैं। डीएन नगर पुलिस स्टेशन में बीएनएस की धारा 55, 61(2) और आर्म्स एक्ट की धारा 25, 3 के तहत केस दर्ज किया गया है।

अधिकारियों का कहना है कि इस साजिश के पीछे का मास्टरमाइंड कौन है, इसका पता लगाने के लिए पूछताछ की जा रही है। क्राइम ब्रांच की तेज कार्रवाई से मुंबई में एक बड़ी घटना टल गई क्योंकि ये गैंग किसी सेलेब्रिटी को मारने की फिराक में था और इसकी प्लानिंग गुर्गों के द्वारा की जा रही थी।

पूनम ऋतु सेन

पूनम ऋतु सेन युवा पत्रकार हैं, इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में बीटेक करने के बाद लिखने,पढ़ने और समाज के अनछुए पहलुओं के बारे में जानने की उत्सुकता पत्रकारिता की ओर खींच लाई। विगत 6 वर्षों से वीमेन, एजुकेशन, पॉलिटिकल, हेल्थ, लाइफस्टाइल से जुड़े मुद्दों पर लगातार खबर कर रहीं हैं और सेन्ट्रल इण्डिया के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अलग-अलग पदों पर काम किया है। द लेंस में बतौर जर्नलिस्ट कुछ नया सीखने के उद्देश्य से फरवरी 2025 से सच की तलाश का सफर शुरू किया है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now