लेंस डेस्क। देश के अलग-अलग हिस्सों में मानसून का मिजाज अलग-अलग बना हुआ है। कहीं बारिश पूरी तरह रुकी हुई है (Monsoon breaks), तो कहीं नदियां उफान पर हैं और बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों में कई राज्यों में बदलाव की संभावना है।
मध्य प्रदेश छत्तीसगढ़ में मानसून ब्रेक
मध्य प्रदेश में मानसून ने एक बार फिर तीन दिन का ब्रेक ले लिया है। मौसम विभाग भोपाल के अनुसार 11 सितंबर तक प्रदेश में कहीं भी भारी या अति भारी बारिश की संभावना नहीं है। 11 सितंबर को पश्चिम-मध्य और उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में एक लो प्रेशर एरिया एक्टिव होगा। इसका असर 12 सितंबर से प्रदेश में दिखना शुरू हो सकता है। छत्तीसगढ़ में भी मौसम में बदलाव नज़र आ रहा है। 10 सितम्बर के बाद मौसम विभाग ने बारिश की संभावना जताई है।
छत्तीसगढ़ में फिलहाल बारिश की एक्टिविटी कम है, लेकिन मौसम विभाग के अनुसार 10 सितंबर से पूरे प्रदेश में बारिश बढ़ने के आसार हैं।
बिहार: 35 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित
बिहार में गंगा समेत आठ नदियां अभी भी उफान पर बह रही हैं। राज्य के 14 जिलों के 62 प्रखंडों की 491 पंचायतों में बाढ़ की गंभीर स्थिति बनी हुई है। इससे करीब 35.89 लाख लोग प्रभावित हैं। गंगा के अलावा कोसी, गंडक और घाघरा नदियां भी खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। सारण जिले में माही नदी पर बने जमींदारी बांध के टूटने से स्थिति और बिगड़ गई है। प्रशासन राहत और बचाव कार्य चला रहा है।
उत्तर प्रदेश: 23 जिलों में बारिश का अलर्ट
उत्तर प्रदेश में आज वाराणसी और प्रयागराज समेत 23 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी है। बारिश के कारण लखीमपुर और बरेली में कक्षा 8 तक के सभी स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है। वाराणसी में प्री-प्राइमरी से कक्षा 5 तक के स्कूल बंद रहेंगे, जबकि कक्षा 6 से 12 तक के स्कूल सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलेंगे।
उत्तराखंड: लैंडस्लाइड और बर्फबारी
पौड़ी जिले में लैंडस्लाइड के कारण पाबौ बाजार की छह दुकानें खाली करानी पड़ीं। यहां 25 से ज्यादा दुकानों पर खतरा बना हुआ है। लैंडस्लाइड से घरों और दुकानों में दरारें भी आ गई हैं। पहाड़ी जिलों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। केदारनाथ में कल सुबह बर्फबारी हुई थी, जिसके बाद धुंध छा गई थी। आज मौसम साफ होने पर पहाड़ियों पर जमी बर्फ साफ दिखाई दे रही है।
पश्चिम बंगाल में नदियां उफान पर
पश्चिम बंगाल के मालदा में गंगा का जलस्तर बढ़ने से महानंदा टोला और आसपास के इलाकों में बाढ़ व तेज कटाव की स्थिति बनी हुई है। इससे 15 से 20 हजार लोग प्रभावित हुए हैं।
पंजाब, हरियाणा और राजस्थान
पंजाब और चंडीगढ़ में मानसून कमजोर पड़ गया है। आज पठानकोट, रूपनगर और होशियारपुर को छोड़कर ज्यादातर जगहों पर बारिश की संभावना नहीं है। हरियाणा में मानसून सुस्त पड़ने के साथ पश्चिमी हवाओं का असर बढ़ गया है। राज्य का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 1.9 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया है। 10 से ज्यादा प्रमुख शहरों में पारा 35 डिग्री पार कर गया है।
राजस्थान में मानसून कमजोर होने से तीन दिन बारिश की संभावना नहीं है। 11 सितंबर को बंगाल की खाड़ी में नया लो-प्रेशर सिस्टम बनेगा, जिसके असर से 12 सितंबर से पूर्वी जिलों में हल्की बारिश शुरू हो सकती है।









