लेंस डेस्क। ईरान के खिलाफ अमेरिका और इजरायल के साझा सैन्य अभियान और पटलवार के बीच होर्मुज स्ट्रेट को पार कर दो और पेट्रोलियम टैंकर भारत के लिए रवाना हो चुके हैं। जल्द ही इन जहाजों के भारतीय बंदरगाहों पर पहुंचने की उम्मीद है।
इससे ठीक एक दिन पहले एलपीजी टैंकर ‘जग वसंत’ (Jag Vasant) गुजरात के कांडला पोर्ट पर पहुंच चुका है। इस जहाज पर 42,000 से 47,600 मीट्रिक टन लिक्विफाइड पेट्रोलियम गैस (LPG) लदी हुई थी। यह जहाज लगभग 23 दिनों तक होर्मुज में फंसा रहा था।
विदेश मंत्रालय (MEA) के प्रवक्ता रणधीर जयसवाल (Randhir Jaiswal) ने शुक्रवार को साप्ताहिक मीडिया ब्रीफिंग में बताया था कि होर्मुज स्ट्रेट पार करके एलपीजी से लदे चार जहाज भारत पहुंच चुके हैं। सरकार संबंधित देशों के साथ निरंतर संपर्क में है ताकि बाकी जहाजों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित की जा सके। जयसवाल ने जोर दिया कि भारत की ऊर्जा खरीद की रणनीति 1.4 अरब लोगों की जरूरतों, बाजार की गतिशीलता और वैश्विक स्थिति पर आधारित है।
MEA के आधिकारिक बयान के अनुसार अब तक जग वसंत के अलावा पाइन गैस, शिवालिक और नंदा देवी टैंकर शामिल हैं, जो भारत पहुंच चुके हैं।
इनके अलावा जग लाडकी जैसे क्रूड ऑयल टैंकर (लगभग 80,886 मीट्रिक टन कच्चा तेल) मुंद्रा पोर्ट पर 18 मार्च को पहुंच चुका है।









