पिनाकी मिश्रा से महुआ मोइत्रा ने रचाया ब्याह

June 5, 2025 3:15 PM
MAHUA MOITRA WEDDING

द लेंस डेस्क। तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की तेज-तर्रार सांसद और पश्चिम बंगाल के कृष्णानगर से लोकसभा सदस्य महुआ मोइत्रा ( MAHUA MOITRA WEDDING )एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार खबर उनकी राजनीतिक सक्रियता या बेबाक बयानों की नहीं बल्कि उनकी निजी जिंदगी से जुड़ी है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, महुआ मोइत्रा ने 3 मई, 2025 को जर्मनी में एक निजी समारोह में गुपचुप शादी रचाई है। उनके जीवनसाथी बने हैं बीजू जनता दल (बीजेडी) के पूर्व सांसद और जाने-माने वकील पिनाकी मिश्रा।

जर्मनी में हुई सादगी भरी शादी

यह शादी जर्मनी की राजधानी बर्लिन में हुई। एक तस्वीर में महुआ मोइत्रा पारंपरिक भारतीय परिधान में सजी-धजी नजर आईं जिसमें वे सोने के गहनों और मांग टीके के साथ बेहद खूबसूरत दिख रही थीं। तस्वीर में उनके साथ पिनाकी मिश्रा भी मौजूद थे और बैकग्राउंड में बर्लिन का ऐतिहासिक ब्रैंडनबर्ग गेट दिखाई दे रहा था। यह तस्वीर ही इस गुपचुप शादी की पहली झलक बनी। हालांकि न तो महुआ मोइत्रा और न ही पिनाकी मिश्रा ने इस शादी की आधिकारिक पुष्टि की है।

कौन हैं पिनाकी मिश्रा?

पिनाकी मिश्रा ओडिशा के पुरी से बीजू जनता दल के पूर्व सांसद रह चुके हैं। एक अनुभवी राजनेता और वकील के रूप में उनकी पहचान है। 2019 में दायर अपने हलफनामे में उन्होंने 117 करोड़ रुपये की संपत्ति घोषित की थी। पिनाकी की यह दूसरी शादी है इससे पहले उनकी 1984 में हुई शादी से दो बच्चे हैं।

महुआ मोइत्रा की निजी जिंदगी रही है चर्चा में

47 वर्षीय महुआ मोइत्रा की निजी जिंदगी पहले भी कई बार चर्चा का विषय रही है। उन्होंने पहले डेनमार्क के फाइनेंसर लार्स ब्रोरसन से शादी की थी लेकिन यह रिश्ता ज्यादा समय तक नहीं चला और तलाक में खत्म हो गया। इसके बाद उनका नाम वकील जय अनंत देहाद्राई के साथ भी जुड़ा। 2023 में एक इंटरव्यू में महुआ ने मजाकिया अंदाज में कहा था, ‘मर्दों के मामले में मेरी पसंद बहुत खराब रही है।’

राजनीति में महुआ का दमदार सफर

महुआ मोइत्रा ने अपने करियर की शुरुआत एक निवेश बैंकर के रूप में की थी। उन्होंने अमेरिका के मैसाचुसेट्स से अर्थशास्त्र और गणित में स्नातक किया और लंदन में जेपी मॉर्गन में वाइस प्रेसिडेंट के पद पर काम किया। 2008 में उन्होंने यह प्रतिष्ठित नौकरी छोड़कर भारत में राजनीति में कदम रखा। पहले कांग्रेस के यूथ विंग से जुड़ीं, फिर 2010 में टीएमसी में शामिल हुईं। 2016 में करीमपुर से विधायक बनीं और 2019 में कृष्णानगर से लोकसभा सांसद चुनी गईं।

महुआ मोइत्रा अपने बेबाक बयानों और तेज-तर्रार अंदाज के लिए जानी जाती हैं। वे कई बार विवादों में भी रहीं। 2023 में उन पर “कैश फॉर क्वेरी” मामले में आरोप लगे, जिसके चलते उनकी लोकसभा सदस्यता रद्द कर दी गई थी। हालांकि उन्होंने इन आरोपों को साजिश करार दिया और 2024 में फिर से कृष्णानगर से सांसद चुनी गईं।

महुआ मोइत्रा और पिनाकी मिश्रा की शादी की खबर सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रही है। हालांकि इस शादी की आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है। उनकी निजी जिंदगी और राजनीतिक सफर दोनों ही हमेशा चर्चा में रहते हैं और यह नया सफर भी लोगों का ध्यान खींच रहा है।

पूनम ऋतु सेन

पूनम ऋतु सेन युवा पत्रकार हैं, इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में बीटेक करने के बाद लिखने,पढ़ने और समाज के अनछुए पहलुओं के बारे में जानने की उत्सुकता पत्रकारिता की ओर खींच लाई। विगत 5 वर्षों से वीमेन, एजुकेशन, पॉलिटिकल, लाइफस्टाइल से जुड़े मुद्दों पर लगातार खबर कर रहीं हैं और सेन्ट्रल इण्डिया के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अलग-अलग पदों पर काम किया है। द लेंस में बतौर जर्नलिस्ट कुछ नया सीखने के उद्देश्य से फरवरी 2025 से सच की तलाश का सफर शुरू किया है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now