लेंस डेस्क। देश में गैस की कमी न होने देने के सरकार के दावों के बीच बेंगलुरु में होटल बंद करने की नौबत आ गई है। बैंगलोर होटल्स एसोसिएशन ने इसकी चेतावनी जारी की है। एसोसिएशन के अनुसार, कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति अचानक रुक जाने से यह संकट पैदा हुआ है।
गौरतलब है कि मध्य पूर्व में जारी अमेरिका, इजरायल और ईरान के युद्ध के कारण दुनिया भर में गैस और तेल की आपूर्ति प्रभावित हुई है। चार मार्च से कतर ने भारत को लिक्विफाइड नैचुरल गैस की सप्लाई बंद कर दी है। ऐसे में देश में गैस की किल्लत का समाना करना पड़ा रहा है।
बैंगलोर होटल्स एसोसिएशन ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि 19 किलो वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई ठप हो गई है। अगर कल यानी मंगलवार सुबह तक गैस की नियमित आपूर्ति बहाल नहीं हुई, तो पूरे शहर के होटल और रेस्तरां बंद करने को मजबूर हो जाएंगे। इससे रोजाना शहर में काम करने वाले, छात्रों, बुजुर्गों और आम लोगों को भोजन की बड़ी समस्या का सामना करना पड़ सकता है।
एसोसिएशन के अध्यक्ष ने बताया कि सोमवार को कई रेस्तरां को गैस नहीं मिली। उन्होंने तेल कंपनियों पर आरोप लगाया कि उन्होंने पहले कम से कम 70 दिनों तक निर्बाध सप्लाई का वादा किया था, लेकिन अब अचानक यह रुकावट आई है, जो उनके वादों के विपरीत है। ऐसे में होटल मालिकों के पास कारोबार रोकने के अलावा कोई चारा नहीं बचता।

दूसरी ओर, सरकार ने स्थिति को संभालने के प्रयास शुरू किए हैं। सरकारी सूत्रों के मुताबिक, खाड़ी क्षेत्र में तनाव के कारण अफवाहें फैलने से लोग एलपीजी सिलेंडरों की जमाखोरी कर रहे हैं। पहले जहां लोग 55 दिनों में बुकिंग करते थे, अब 15 दिनों में ही बुकिंग बढ़ गई है। इसे रोकने के लिए बुकिंग की न्यूनतम अवधि 21 दिनों से बढ़ाकर 25 दिन कर दी गई है।
साथ ही, सरकार ने रिफाइनरियों को एलपीजी उत्पादन बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। कंपनियों को निर्देश है कि वे घरेलू कनेक्शनों को प्राथमिकता दें, क्योंकि घरेलू उपभोक्ता हमेशा पहले आएंगे। इसके अलावा, भारत ने अल्जीरिया, ऑस्ट्रेलिया, कनाडा और नॉर्वे जैसे देशों से एलपीजी खरीदने के लिए संपर्क किया है।










