रायपुर। छत्तीसगढ़ में वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन और अन्य सामाजिक सुरक्षा पेंशनों की राशि पिछले पांच महीनों से नहीं मिल पा रही है। इस गंभीर समस्या को लेकर प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री और कांग्रेस वरिष्ठ नेता मोहम्मद अकबर ने राज्यपाल (Governor) रमन डेका को पत्र लिखकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। अकबर ने राज्यपाल से आग्रह किया है कि वे अपनी संवैधानिक शक्तियों का प्रयोग करते हुए अधिकारियों को निर्देश दें कि केंद्र से राशि आने तक अन्य मदों से पेंशनधारियों को भुगतान कर दिया जाए। बाद में इसकी समायोजन किया जा सकता है उन्होंने कहा कि पहले भी कई बार ऐसा किया गया है।
प्रदेश के लगभग 22 लाख 70 हजार पेंशनधारी इस समस्या से जूझ रहे हैं। कमर तोड़ महंगाई और भीषण गर्मी में ये गरीब, बुजुर्ग, विधवाएं और दिव्यांग दर-दर की ठोकरें खा रहे हैं।मोहम्मद अकबर ने पत्र में संविधान के अनुच्छेद 154 का हवाला देते हुए कहा कि राज्य की कार्यपालिका शक्ति राज्यपाल में निहित है और वे अपने अधीनस्थ अधिकारियों के माध्यम से आवश्यक निर्देश जारी कर सकते हैं। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि सुशासन तिहार शिविरों में सबसे ज्यादा शिकायतें पेंशन भुगतान को लेकर ही आ रही हैं। अगर समय रहते पेंशन राशि नहीं दी गई तो इन गरीबों की समस्या और बढ़ जाएगी। पूर्व मंत्री ने राज्यपाल से अपील की है कि वे इस मामले में तुरंत संज्ञान लें ताकि लाखों पेंशनधारी परिवारों को राहत मिल सके।








