कोरबा में तंत्र-मंत्र के चक्कर में कबाड़ कारोबारी और उसके दो साथियों की हत्या

Korba Triple Murder

रायपुर। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में तंत्र-मंत्र के दौरान तीन लोगों की हत्या का मामला सामने आया है। बुधवार देर रात कोरबा के बरबसपुर स्थित एक कबाड़ यार्ड में कबाड़ कारोबारी अशरफ मेमन और उनके दो साथियों की हत्या हुई है। पुलिस ने इस मामले में तांत्रिक सहित 5 लोगों को हिरासत में लिया है।

अशरफ मेमन के साथ तुलसी नगर निवासी सुरेश साहू और दुर्ग के नीतीश कुमार के शव एक ही कमरे में मिले। घटना उरगा थाना क्षेत्र की है।

कोरबा सीएसपी भूषण एक्का ने कहा कि शुरुआती जांच में जहरखुरानी होने का शक गहरा रहा है, हालांकि मौत की असली वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगी।

पुलिस जांच में सामने आया कि बिलासपुर का रहने वाला कथित तांत्रिक राजेंद्र कुमार अपने तीन साथियों के साथ बुधवार रात कोरबा पहुंचा था। उसने दावा किया था कि तंत्र-मंत्र के जरिए 5 लाख रुपए को ढाई करोड़ बना देगा और यह रकम आपस में बांटी जाएगी। इसी लालच में तीनों मृतक उसके झांसे में आ गए थे।

रात लगभग 11 बजे तंत्र-मंत्र की प्रक्रिया शुरू की गई। तांत्रिक राजेंद्र ने तीनों व्यक्तियों को अलग-अलग कमरे में बुलाकर उन्हें नींबू दिया, जमीन पर रस्सी से बना घेरा दिखाया और कमरे में बंद कर दिया। उसने कहा कि कमरे का ताला 30 मिनट से 1 घंटे बाद खोला जाएगा, लेकिन जब समय पूरा होने पर कमरा खोला गया, तो तीनों मृत पड़े मिले।

घबराए साथियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और शवों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद गुस्साए लोगों ने राजेंद्र के साथी अश्वनी कुर्रे की पिटाई कर दी। तांत्रिक राजेंद्र घटनास्थल से फरार हो गया था, जिसे बाद में पुलिस ने हिरासत में ले लिया।

मृतक सुरेश साहू की पत्नी गुड़िया देवी ने बताया कि बिलासपुर के संजय साहू पिछले पांच दिनों से उनके पति पर किसी काम के लिए पैसों को लेकर दबाव डाल रहा था। उन्होंने बताया कि बुधवार आधी रात करीब 12 बजे लोग घर आए और सुरेश को अपने साथ ले गए।

रात 3 बजे तक उनसे अंतिम बार बात हुई, इसके बाद उनका फोन बंद हो गया।

यह भी पढ़ें : रायपुर में सनसनीखेज वारदात… पत्नी की हत्या करने के बाद पति ने ट्रेन से कटकर दे दी जान

दानिश अनवर

दानिश अनवर, द लेंस में जर्नलिस्‍ट के तौर पर काम कर रहे हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 14 वर्षों का अनुभव है। द लेंस से पहले दैनिक भास्‍कर में इन्‍वेस्टिगेटिव रिपोर्टिंग टीम में सीनियर रिपोर्टर, नवभारत में क्राइम रिपोर्टर, नईदुनिया में स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट और पत्रिका अखबार में रिपोर्टर के तौर पर 10 साल काम किया। इन सभी अखबारों में दानिश अनवर ने विभिन्न विषयों जैसे- क्राइम, पॉलिटिकल, एजुकेशन, स्‍पोर्ट्स, कल्‍चरल और स्‍पेशल इन्‍वेस्टिगेशन स्‍टोरीज कवर की हैं। दानिश को प्रिंट का अच्‍छा अनुभव है। वह सेंट्रल इंडिया के कई शहरों में काम कर चुके हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related Stories