IPL Auction 2026: अबु धाबी में चल रहे IPL 2026 मिनी ऑक्शन में ऑस्ट्रेलिया के ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन ने इतिहास रच दिया। कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने उन्हें 25.20 करोड़ रुपये में खरीदकर IPL के सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। इससे पहले यह रिकॉर्ड उनके ही देशवाले मिचेल स्टार्क के नाम था, जिन्हें 2024 में KKR ने 24.75 करोड़ में खरीदा था। ग्रीन के लिए चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने भी जोरदार बोली लगाई, लेकिन आखिर में KKR ने बाजी मारी।
हालांकि, नए नियम के कारण ग्रीन को पूरी रकम नहीं मिलेगी। विदेशी खिलाड़ियों के लिए मिनी ऑक्शन में 18 करोड़ की ऊपरी सीमा है, इसलिए ग्रीन को 18 करोड़ रुपये ही मिलेंगे और बाकी 7.20 करोड़ BCCI के प्लेयर्स वेलफेयर फंड में जाएंगे। यह नियम विदेशी खिलाड़ियों की ज्यादा डिमांड का फायदा रोकने के लिए बनाया गया है।
IPL इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी अभी भी ऋषभ पंत हैं, जिन्हें पिछले मेगा ऑक्शन में लखनऊ सुपर जायंट्स ने 27 करोड़ में खरीदा था। इस ऑक्शन में 10 टीमें कुल 77 स्लॉट्स भरने के लिए 350 खिलाड़ियों पर बोली लगा रही हैं।
ऑक्शन के पहले सेट में कई सरप्राइज देखने को मिले। साउथ अफ्रीका के विस्फोटक बल्लेबाज डेविड मिलर को दिल्ली कैपिटल्स ने उनकी बेस प्राइस 2 करोड़ में खरीद लिया। मिलर IPL में 141 मैच खेल चुके हैं और 3077 रन बना चुके हैं। वहीं, ऑस्ट्रेलिया के जेक फ्रेजर-मैकगर्क, न्यूजीलैंड के डेवोन कॉन्वे, भारत के पृथ्वी शॉ और सरफराज खान अनसोल्ड रहे, इन पर किसी टीम ने बोली नहीं लगाई। KKR का पर्स सबसे बड़ा (64.30 करोड़) है, जबकि मुंबई इंडियंस का सबसे कम (2.75 करोड़)। अन्य टीमों जैसे CSK (43.40 करोड़), DC, LSG और SRH के पर्स में 21-26 करोड़ हैं।
अबु धाबी में जारी IPL 2026 मिनी ऑक्शन में कई सरप्राइज देखने को मिल रहे हैं। पिछले सीजन में 23.75 करोड़ रुपये में बिकने वाले ऑलराउंडर वेंकटेश अय्यर इस बार महज 7 करोड़ रुपये में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के साथ जुड़ गए। यह उनके लिए बड़ी कीमत गिरावट है, लेकिन RCB को मजबूत ऑलराउंडर मिल गया। दूसरे सेट में 7 खिलाड़ियों के नाम आए, लेकिन सिर्फ 2 ही बिके। श्रीलंका के स्पिनर वनिंदु हसरंगा को लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) ने उनकी बेस प्राइस 2 करोड़ में खरीद लिया। जबकि गस एटकिंसन, दीपक हुड्डा, लियम लिविंगस्टन, वियान मुल्डर और रचिन रवींद्र पर कोई बोली नहीं लगी और वे अनसोल्ड रहे।
तीसरा सेट विकेटकीपर्स का था, जहां 7 खिलाड़ियों के नाम लिए गए। इनमें से 4 अनसोल्ड रहे, जबकि 3 पर टीमें ने बोली लगाई। न्यूजीलैंड के फिन एलन को कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने 2 करोड़ में खरीदा। इंग्लैंड के बेन डकेट को दिल्ली कैपिटल्स (DC) ने भी 2 करोड़ में अपने साथ जोड़ा। साउथ अफ्रीका के अनुभवी क्विंटन डी कॉक को मुंबई इंडियंस (MI) ने सिर्फ 1 करोड़ रुपये में साइन किया – यह एक शानदार डील मानी जा रही है।
अनसोल्ड रहने वालों में जॉनी बेयरस्टो (बेस प्राइस 1 करोड़), केएस भरत (75 लाख), रहमानुल्लाह गुरबाज (1.5 करोड़) और जेमी स्मिथ (2 करोड़) शामिल हैं। ऑक्शन में कई बड़े नाम सस्ते में बिक रहे हैं या अनसोल्ड हो रहे हैं, जो टीमों के लिए अच्छे मौके दे रहा है। नीलामी अभी जारी है और आगे के सेट्स में और रोमांच बाकी है।











