छत्तीसगढ़ में भाई की हत्या के आरोप में जेल से छूटते ही प्रॉपर्टी के लिए मां-बाप को भी मार डाला

Chhattisgarh

रायपुर। छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) के जांजगीर-चांपा जिले में जमीन और पैतृक संपत्ति विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। शिवरीनारायण थाना क्षेत्र के भंवतरा गांव में एक ही परिवार के चार लोगों की कुल्हाड़ी से काटकर निर्मम हत्या कर दी गई। वारदात 13 और 14 मई की दरमियानी रात की बताई जा रही है।

घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामले में मृतक दंपति के बेटे सोनसाय कश्यप और उसके बेटे डाकेश्वर उर्फ गोलू को हिरासत में लिया है। शुरुआती जांच में संपत्ति विवाद हत्या की बड़ी वजह सामने आ रही है।

पुलिस के मुताबिक सुबह करीब 7:30 बजे मकान निर्माण कार्य के लिए पहुंचे एक मिस्त्री ने घर के अंदर चार लोगों के शव खाट पर पड़े देखे। शव खून से लथपथ थे। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची।

मृतकों की पहचान मेदिनी प्रसाद कश्यप (70), उनकी पत्नी कांति बाई (65), पीतांबर कश्यप (17) और कुमारी मोगरा (25) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सभी की हत्या कुल्हाड़ी से वार कर की गई।

पुलिस जांच में सामने आया है कि परिवार में पैतृक संपत्ति को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। मुख्य आरोपी सोनसाय कश्यप कथित तौर पर पूरी संपत्ति का अकेले मालिक बनना चाहता था और परिवार के अन्य दावेदारों को रास्ते से हटाने की साजिश रच रहा था।

पुलिस ने यह भी बताया कि सोनसाय पहले भी अपने एक भाई की हत्या के मामले में करीब 15 साल की सजा काट चुका है और हाल ही में जेल से बाहर आया था। जेल से छूटने के बाद परिवार में विवाद और बढ़ गया था।

फिलहाल पुलिस ने मुख्य आरोपी और उसके बेटे को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले में अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।

यह भी पढ़ें: चर्चित मानिक मेहता की मौत, किचन में सिंक में पड़ी मिली लाश

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now