लेंस डेस्क। पंजाब में मंगलवार रात सुरक्षा बलों पर दो बड़े हमलों ने पूरे राज्य में हड़कंप मचा दिया। जालंधर में BSF मुख्यालय के बाहर IED धमाका हुआ, जबकि अमृतसर में आर्मी कैंप पर ग्रेनेड से हमला किया गया। दोनों घटनाएं करीब 3 घंटे के अंतराल में हुईं।
जालंधर ब्लास्ट
मंगलवार रात करीब 7:57 बजे जालंधर के BSF चौक के पास एक एक्टिवा स्कूटी के पास जोरदार धमाका हुआ। पुलिस के अनुसार, एक संदिग्ध व्यक्ति पैदल आया, पॉलिथीन में लिपटा पैकेट स्कूटी के पास रखकर भाग निकला। कुछ सेकंड बाद धमाका हो गया। स्कूटी BSF के एक रिटायर्ड जवान कश्मीर सिंह की थी। उनका बेटा गुरप्रीत सिंह पार्सल लेने आया था। गनीमत रही कि इस धमाके में कोई घायल नहीं हुआ। पुलिस ने गुरप्रीत सिंह को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है।
अमृतसर में ग्रेनेड अटैक
इसी रात करीब 11 बजे अमृतसर के खासा इलाके में आर्मी कैंप पर ग्रेनेड फेंका गया। दो नकाबपोश बाइक सवारों ने कैंप की ओर ग्रेनेड फेंका, जो दीवार से टकराकर फट गया। धमाके में टीन शेड गिर गया और कैंप की दीवार को नुकसान पहुंचा। यहां भी किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
सुरक्षा एजेंसियों की प्रतिक्रिया
पंजाब डीजीपी गौरव यादव ने दोनों जगहों का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि जालंधर ब्लास्ट टाइमर या रिमोट से किया गया हो सकता है। डीजीपी ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसियों का हाथ होने का संदेह जताया। उन्होंने कहा कि यह हमले ऑपरेशन सिंदूर की वर्षगांठ के आसपास कराए गए हो सकते हैं। केंद्रीय फॉरेंसिक टीम जालंधर पहुंचकर जांच शुरू कर चुकी है।
खालिस्तान लिबरेशन आर्मी का दावा
जालंधर धमाके की जिम्मेदारी खालिस्तान लिबरेशन आर्मी (KLA) ने ले ली है। संगठन ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर DIG संदीप गोयल और उनके परिवार को निशाना बनाने की धमकी दी है।
राजनीतिक प्रतिक्रिया
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने श्री आनंदपुर साहिब से कहा कि ये ब्लास्ट भाजपा की चुनावी साजिश हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा छोटे-मोटे ब्लास्ट करवाकर लोगों में डर पैदा कर वोट हासिल करना चाहती है। आम आदमी पार्टी ने बताया कि सुरक्षा कारणों से मुख्यमंत्री भगवंत मान का जालंधर दौरा स्थगित कर दिया गया है।
धमाकों के बाद चंडीगढ़ सहित पूरे पंजाब में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। सुरक्षा बलों को मुस्तैद रहने के निर्देश दिए गए हैं।







