रायपुर। केंद्र सरकार की अपॉइंटमेंट्स कमेटी ऑफ द कैबिनेट (ACC) ने युवा कार्य विभाग के प्रस्ताव को स्वीकृति देते हुए छत्तीसगढ़ कैडर की 2009 बैच की आईएएस अधिकारी डॉ. प्रियंका शुक्ला को ‘मेरा युवा भारत’ (MY Bharat) योजना का मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) नियुक्त करने की मंजूरी दे दी है।
प्रतिनियुक्ति के आधार पर यह नियुक्ति तीन साल के लिए की गई है। पे मैट्रिक्स लेवल-14 में होगी। यह व्यवस्था पदभार ग्रहण की तिथि से या अगले आदेश तक प्रभावी रहेगी, जो भी पहले हो। साथ ही, यह तब तक लागू रहेगी, जब तक इस पद के लिए भर्ती नियम अंतिम रूप से तैयार नहीं हो जाते।
डॉ. प्रियंका शुक्ला 2009 में आईएएस बनीं और छत्तीसगढ़ कैडर में सेवा दे रही हैं। उन्होंने स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में संयुक्त सचिव और विशेष सचिव जैसे महत्वपूर्ण पदों पर काम किया है। उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए उन्हें कई सम्मान मिल चुके हैं, जिनमें 2011 जनगणना में योगदान के लिए राष्ट्रपति से सेंसर सिल्वर मेडल और साक्षरता क्षेत्र में राष्ट्रपति पुरस्कार शामिल हैं।
डॉ. प्रियंका शुक्ला पहले स्वास्थ्य विभाग में आयुक्त और प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना में स्टेट नोडल एजेंसी की CEO भी रही हैं। इसी भूमिका में उन्होंने प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (PM-JAY) के अंतर्गत छत्तीसगढ़ को सर्वश्रेष्ठ कार्य करने वाला राज्य बनवाने में योगदान दिया, जिसके लिए उन्हें समानांतर कार्यक्रम में सम्मान भी मिला था।
राज्य सरकार ने हाल ही में उन्हें स्वास्थ्य विभाग से हटाकर शिक्षा विभाग (समग्र शिक्षा और पुस्तक निगम) का आयुक्त नियुक्त किया था।
दरअसल, इस तबादले से पहले प्रियंका शुक्ला के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल से विवादों की चर्चा थी। जब यह तबादला हुआ तो प्रशासनिक हलकों में इस तबादले के पीछे स्वास्थ्य मंत्री की भूमिका की चर्चा थी। उसी समय यह संकेत मिले थे कि उनकी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति में जाने की तैयारी चल रही है।









