Heatwave Alert : अगले 2 दिन नहीं मिलेगी गर्मी से राहत, 11 राज्यों में 47°C तक पारा

द लेंस | देश में भीषण गर्मी का कहर जारी है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले 2 दिन तक उत्तर, पश्चिम और मध्य भारत के लोगों को गर्मी से कोई राहत नहीं मिलेगी। शुक्रवार को मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़,ओडिशा,उत्तर प्रदेश, राजस्थान समेत 11 राज्यों में तापमान 40°C से 47°C के बीच दर्ज किया गया ।

सबसे ज्यादा तापमान उत्तर प्रदेश के बांदा में 47.6°C और मध्य प्रदेश के नौगांव में 46.8°C रहा। मौसम विभाग ने इन 11 राज्यों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक 22 से 28 मई तक उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों, मध्य भारत, पूर्वी भारत और प्रायद्वीपीय भारत के कुछ हिस्सों में लू से लेकर भीषण लू चलेगी।

कहां-कहां चलेगी लू:

  1. उत्तर प्रदेश-मध्य प्रदेश: 22 से 28 मई तक कई हिस्सों में लू। पूर्वी यूपी और पूर्वी एमपी में गंभीर लू का खतरा।
  2. पंजाब, हरियाणा, दिल्ली: 22 से 28 मई तक लू। 24 से 27 मई के बीच गंभीर लू बन सकती है।
  3. राजस्थान: 22 से 28 मई तक लू। 24 से 28 मई के बीच पश्चिमी राजस्थान में गंभीर लू।
  4. विदर्भ: 22 से 28 मई तक लू, 22 से 26 मई तक गंभीर लू।
  5. आंध्र प्रदेश-यानम: 22 से 26 मई तक लू, 22 से 24 मई तक गंभीर लू।
  6. बिहार: 22 से 24 मई तक लू।
  7. छत्तीसगढ़, झारखंड, ओडिशा, तेलंगाना: 22 से 26 मई तक लू।
  8. जम्मू-कश्मीर, हिमाचल, उत्तराखंड: 26 से 28 मई तक लू।

गर्म रात का खतरा

22 से 24 मई तक उत्तर प्रदेश और विदर्भ में, 22 से 26 मई तक ओडिशा में, 22-23 मई को तेलंगाना में रातें भी गर्म रहेंगी। इसे ‘वार्म नाइट’ कहते हैं। जहां आधा भारत गर्मी से तप रहा है, वहीं कुछ राज्यों में भारी बारिश हो रही है। पिछले 24 घंटे में केरल में कुछ जगह 21 सेमी से ज्यादा बारिश हुई। असम में बहुत भारी बारिश दर्ज की गई। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, बिहार, रायलसीमा, दक्षिण कर्नाटक और तमिलनाडु में 7-11 सेमी बारिश हुई।

दक्षिण कर्नाटक में ओले गिरे। असम-मेघालय में 80-120 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चली। मराठवाड़ा, बिहार, ओडिशा में 50-80 किमी और मध्य प्रदेश, यूपी, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा में 40-50 किमी प्रति घंटे की हवा चली।

बिहार में मौत, पहाड़ों में बर्फबारी

बिहार के अररिया, जहानाबाद, नालंदा और सुपौल में शुक्रवार को बारिश के दौरान बिजली गिरने से 4 लोगों की मौत हो गई। वहीं जम्मू-कश्मीर के जोजिला और उत्तराखंड के चमोली-पिथौरागढ़ में बर्फबारी हुई। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 2-3 दिन में दक्षिण-पश्चिम मानसून दक्षिण-पूर्वी अरब सागर, कोमोरिन क्षेत्र, दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी, अंडमान सागर और पूर्वी मध्य बंगाल की खाड़ी में आगे बढ़ेगा।

बारिश की संभावना कहां?

आज दिल्ली, पश्चिम बंगाल, अंडमान-निकोबार और लक्षद्वीप में बारिश हो सकती है। महाराष्ट्र और गोवा में भी मौसम बदलेगा। अगले हफ्ते केरल-लक्षद्वीप, तमिलनाडु, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और पूर्वोत्तर भारत में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है।

हीटवेव क्यों चल रही है?

मौसम विभाग के मुताबिक एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन पाकिस्तान के ऊपर और दूसरा बिहार के आसपास बना है। साथ ही अरब सागर में लो प्रेशर एरिया बना हुआ है। इस वजह से मौसम में बदलाव हो रहा है।

स्वास्थ्य पर असर

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि लू से बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को खतरा है। लंबे समय तक धूप में रहने से हीट स्ट्रोक हो सकता है।

क्या करें, क्या न करें:

  1. दोपहर 12 से 5 बजे तक बाहर निकलने से बचें।
  2. हल्के रंग के ढीले सूती कपड़े पहनें।
  3. सिर को टोपी, कपड़े या छाते से ढकें।
  4. खूब पानी पिएं, ORS रखें।
  5. बुजुर्गों और बच्चों का खास ख्याल रखें।

गर्मी में गैजेट्स का रखें ध्यान

45°C से ऊपर तापमान में मोबाइल, लैपटॉप, पावर बैंक जल्दी गर्म होते हैं। इससे बैटरी खराब हो सकती है, फोन धीमा चल सकता है या अचानक बंद हो सकता है।

  1. फोन को सीधी धूप में न रखें।
  2. कार में डैशबोर्ड पर मोबाइल न छोड़ें।
  3. चार्जिंग के दौरान फोन इस्तेमाल न करें।
  4. गर्म होने पर कवर हटा दें।
  5. बैकग्राउंड ऐप्स बंद रखें।

दिल्ली का हाल

पिछले 24 घंटे में दिल्ली में अधिकतम तापमान में 1°C और न्यूनतम में 2-3°C की गिरावट आई है। अभी अधिकतम तापमान 44-45°C और न्यूनतम 27-29°C के बीच है। आने वाले दिन मुश्किल हैं। आधा देश लू की चपेट में है तो आधे में भारी बारिश का अलर्ट है। गर्मी से बचाव करें और जरूरी हो तभी घर से निकलें।

पूनम ऋतु सेन

पूनम ऋतु सेन युवा पत्रकार हैं, इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में बीटेक करने के बाद लिखने,पढ़ने और समाज के अनछुए पहलुओं के बारे में जानने की उत्सुकता पत्रकारिता की ओर खींच लाई। विगत 6 वर्षों से वीमेन, एजुकेशन, पॉलिटिकल, हेल्थ, लाइफस्टाइल से जुड़े मुद्दों पर लगातार खबर कर रहीं हैं और सेन्ट्रल इण्डिया के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अलग-अलग पदों पर काम किया है। द लेंस में बतौर जर्नलिस्ट कुछ नया सीखने के उद्देश्य से फरवरी 2025 से सच की तलाश का सफर शुरू किया है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now