रायपुर | छत्तीसगढ़ के पूर्व महाधिवक्ता, वरिष्ठ अधिवक्ता और संविधान विशेषज्ञ कनक तिवारी का गुरुवार को निधन हो गया। वे 86 वर्ष के थे।
उनके निधन की जानकारी सामने आते ही अधिवक्ताओं, पत्रकारों, लेखकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं में शोक छा गया। संयोग से गुरुवार को ही देश में संविधान दिवस मनाया जा रहा था, जिस संविधान की व्याख्या के लिए कनक तिवारी जाने जाते थे।
प्राध्यापक से पत्रकारिता और फिर वकालत तक का सफर
कनक तिवारी का जन्म 26 जुलाई 1940 को हुआ था। उन्होंने करियर की शुरुआत अंग्रेजी साहित्य के प्राध्यापक के रूप में की।
इसके बाद उन्होंने पत्रकारिता का रुख किया। वे प्रेस ट्रस्ट ऑफ इंडिया और नवभारत टाइम्स जैसे संस्थानों में काम कर चुके थे।
1971 में उन्होंने रविशंकर विश्वविद्यालय, रायपुर से एलएलबी में स्वर्ण पदक हासिल किया। इसके बाद उन्होंने वकालत को अपना स्थायी क्षेत्र बना लिया और छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता के रूप में पहचान बनाई।
2018 में बने महाधिवक्ता, कुछ महीनों बाद हटे
दिसंबर 2018 में प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनने के बाद कनक तिवारी को छत्तीसगढ़ का महाधिवक्ता नियुक्त किया गया था।
हालांकि कुछ महीनों बाद ही उनके पद से हटने और इस्तीफे को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा रही। यह प्रकरण उस समय सुर्खियों में रहा था।
राजनीति में भी रही सक्रिय भूमिका
अविभाजित मध्यप्रदेश के दौरान कनक तिवारी कांग्रेस कमेटी के महामंत्री रहे। वे मध्यप्रदेश लघु उद्योग निगम और मध्यप्रदेश गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष भी रहे।
इसके अलावा वे छत्तीसगढ़ राष्ट्रभाषा प्रचार समिति के कार्यकारी अध्यक्ष के पद पर भी रहे।
गांधी दर्शन और संविधान पर लिखी कई किताबें
वैचारिक रूप से कनक तिवारी गांधी, विवेकानंद, राममनोहर लोहिया और भगत सिंह के विचारों से प्रभावित थे।
उन्होंने संविधान, गांधी दर्शन, हिंद स्वराज, बस्तर और पंचायती राज जैसे विषयों पर कई पुस्तकें लिखीं। उनकी प्रमुख पुस्तकों में संविधान का सच, संविधान की पड़ताल, फिर से हिंद स्वराज, बस्तर: लाल क्रांति बनाम ग्रीन हंट, गांधी और पंचायती राज और छत्तीसगढ़ के विवेकानंद शामिल हैं।
वे कुशल वक्ता और स्तंभकार के रूप में भी जाने जाते थे। हाल तक वे लेखन, भाषण और वैचारिक चर्चाओं में सक्रिय थे।
उनके निधन से कानूनी, साहित्यिक और वैचारिक क्षेत्र को बड़ा नुकसान हुआ है।










