बांग्लादेश में राजनीतिक तनाव बढ़ा, अवामी लीग का दो दिवसीय बंद, हसीना की वापसी से पहले कड़ी सुरक्षा

लेंस डेस्क l बांग्लादेश में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की संभावित वापसी को लेकर माहौल फिर तनावपूर्ण हो गया है। उनकी पार्टी अवामी लीग ने 27 और 28 नवंबर को देशभर में दो दिन के बंद का ऐलान कर दिया है।

पार्टी ने इस बंद के लिए आठ मांगें रखी हैं। इनमें सबसे प्रमुख मांगें हैं, पार्टी पर लगे प्रतिबंध को हटाना और राजनीतिक कैदियों को रिहा करना।

इस बीच सरकार ने हसीना की वापसी और हाल के दिनों में बढ़ी हिंसा को देखते हुए सीमा क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, नवंबर महीने में देशभर में आगजनी की करीब 100 घटनाएं दर्ज की जा चुकी हैं।

सीमा पर भारी सुरक्षा तैनात

तारिक रहमान सरकार ने सीमा से सटे सात जिलों में बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (BGB) की 108 टुकड़ियां तैनात की हैं। सुरक्षा बलों को ड्रोन, बॉडी कैमरा और आधुनिक निगरानी उपकरणों से लैस किया गया है। पुलिस ने भी सीमावर्ती इलाकों में गश्त बढ़ा दी है। संदिग्ध वाहनों की तलाशी ली जा रही है और संवेदनशील रास्तों पर अतिरिक्त निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।

ग्रामीण बैंक भी निशाने पर

पूर्व अंतरिम सरकार के प्रमुख मुहम्मद यूनुस द्वारा स्थापित ग्रामीण बैंक की शाखाओं पर भी लगातार हमले हो रहे हैं। बैंक की रिपोर्ट के अनुसार, 10 नवंबर से अब तक लगभग 100 शाखाओं को नुकसान पहुंचाया जा चुका है।

गृह मंत्री सलाहुद्दीन अहमद ने साफ कहा है कि अवामी लीग को दोबारा राजनीति में आने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने पार्टी पर स्थायी प्रतिबंध लगाने की बात कही है।

पत्रकारों पर दबाव के आरोप

अवामी लीग का दावा है कि अगस्त 2024 के बाद से पत्रकारों को लगातार दबाव का सामना करना पड़ रहा है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार:

  • 84 पत्रकार गिरफ्तार किए गए
  • 19 की हत्या या संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई
  • 118 पत्रकारों पर हमले हुए
  • 446 पत्रकारों पर हत्या के आरोप लगाए गए
  • 1200 से अधिक पत्रकारों की नौकरी छिन गई
  • 50 से ज्यादा पत्रकार बिना जमानत जेल में बंद हैं
  • 200 से अधिक वेबसाइट ब्लॉक की गईं और 19 मीडिया संस्थानों पर हमले हुए

हसीना 16 दिसंबर को लौटना चाहती हैं

शेख हसीना ने पहली बार अपनी वापसी की तारीख बताई है। वे 16 दिसंबर (मुक्ति दिवस) को बांग्लादेश लौटना चाहती हैं। उनके प्रवक्ता के अनुसार, वे सरकारी एयरलाइन बिमान बांग्लादेश की फ्लाइट से दिल्ली से ढाका जाना चाहती हैं और इसके लिए सरकार से विमान उपलब्ध कराने की मांग की है।

16 दिसंबर 1971 को बांग्लादेश ने पाकिस्तान से आजादी हासिल की थी। हसीना की इस संभावित वापसी को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now