राजधानी के अपार्टमेंट में लिफ्ट में लगी आग, धुआं-धुआं हो गई लिफ्ट… देखें वीडियो

April 4, 2026 12:50 PM
Fire in lift in capital

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के खमतराई इलाके में स्थित डाल्फिन ज्वेलो अपार्टमेंट में शनिवार को अचानक आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग अपार्टमेंट की लिफ्ट में लगी, जिससे कुछ ही देर में धुआं पूरे परिसर में फैल गया। घटना के समय कई लोग अपने घरों में मौजूद थे, लेकिन समय रहते सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सबसे पहले लिफ्ट से धुआं निकलता दिखाई दिया। देखते ही देखते लिफ्ट में आग भड़क उठी और धुआं तेजी से पूरे अपार्टमेंट में फैलने लगा। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार शॉर्ट-सर्किट के कारण मीटर और वायरिंग में आग लगी, जिससे लिफ्ट पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

मौके पर मौजूद सिक्योरिटी गार्ड ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत कॉलोनीवासियों को अलर्ट किया। इसके बाद गार्ड और रहवासियों ने मिलकर फायर एक्सटिंग्विशर की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया और काफी हद तक आग पर काबू पा लिया।

सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आग लगभग नियंत्रित हो चुकी थी। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट-सर्किट बताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। घटना के बाद अपार्टमेंट में रहने वाले लोगों में दहशत का माहौल है।

स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अपने भवनों में फायर सेफ्टी उपकरणों की नियमित जांच करवाएं और किसी भी आपात स्थिति में सतर्कता बरतें, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

यह भी पढ़ें: महिला ने खुदकुशी की कोशिश की तो अस्पताल के सामने मायका और ससुराल वालों में जमकर मारपीट, देखें वीडियो

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now