नई दिल्ली। ग्रेटर नोएडा वेस्ट के बिसरख थाना क्षेत्र इलाके के शाहबेरी स्थित फर्नीचर मार्केट (shahberi market) में शुक्रवार देर शाम उस समय अफरा तफरी मच गई, जब अचानक एक फर्नीचर की दुकान में भीषण आग लग गई।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आग सबसे पहले एक दुकान में लगी थी, जिसके बाद आग तेजी से फैली और आसपास की दुकानों को भी चपेट में ले लिया।करीब एक घंटे की मेहनत और 30 फायर बिग्रेड की गाड़ियां की मदद से आग पर काबू पा लिया है।
जानकारी के अनुसार, शुरुआत में लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन लकड़ी, फोम और अन्य ज्वलनशील सामान अधिक होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई।
कुछ ही मिनट में आग ने विकराल रूप ले लिया और आसपास की कई दुकानों को अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया. देखते ही देखते मार्केट से ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं और काले धुएं का गुब्बार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा। आग की सूचना फैलते ही पूरे इलाके में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।











