नई दिल्ली। ज्ञानेश कुमार पर बरसने के बाद बिहार (Bihar) में एनडीए सरकार के सहयोगी और केंद्र में मंत्री चिराग पासवान अब बिहार की भाजपा सरकार पर बरसे हैं और राज्य में लड़कियों के साथ खुलेआम हो रही अभद्रता पर नाराजगी जताई है। उन्होंने एक निजी चैनल से कहा है कि बिहार में लोग फिलहाल सेफ फील नहीं कर रहे हैं। इस स्थिति को जल्द से जल्द बदलना होगा। चिराग के लगातार सरकार पर हमले से कयास लगाए जा रहे हैं कि वह जल्द ही एनडीए छोड़ सकते हैं। हाजीपुर से सांसद और मोदी कैबिनेट में मंत्री चिराग पासवान ने कहा है कि उन्हें इस सरकार का सहयोगी होने पर शर्म आती है। उन्होंने यह भी कहा कि आज की तारीख में बिहार के लोग सुरक्षित माहौल में नहीं जी रहे हैं।
चिराग ने कहा, हल्के में नहीं ले सकते
इन तमाम मुद्दों पर सवाल के बाद जब चिराग से पूछा गया कि क्या वह बिहार के मौजूदा हाल पर कोई बड़ा फैसला लेंगे? चिराग ने इस सवाल के जवाब में कहा, “यह सच है कि आज की तारीख में बिहार में कोई सेफ फील नहीं कर पा रहा है। ये चिंता कोई छोटी चिंता नहीं है। मैं भी इस सरकार में सहयोगी हूं और इस सवाल से नहीं भाग सकता हूं। मैं खुद शर्मिंदा महसूस कर रहा हूं। अभी जिस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं, उसे कतई हल्के में नहीं ले सकते हैं।”
शाम को घर से निकलने से डरती हैं बेटियां
चिराग पासवान ने आगे कहा, ‘मैं आक्रोशित हूं, स्वाभाविक है। राष्ट्रीय स्तर पर मेरे बिहार की छवि कैसी जा रही है। हमारी बेटियों के मन में डर और असुरक्षा का भाव उत्पन्न हो गया होगा। कोई बच्ची मुझे बता दीजिए, जो शाम को घर से निकलने से पहले नहीं सोचती होगी। मैं जिस सरकार का हिस्सा हूं, मेरी वो सरकार अगर सुरक्षा की भावना नहीं दे, ये तो मैं स्वीकार नहीं करूंगा।’
लगातार बढ़ रहे अपराध
बिहार में पिछले 10 दिनों में जमुई, समस्तीपुर, बांका और सीवान से लड़की के साथ अभद्रता के वीडियो वायरल हुए थे। इन वीडियो में कुछ अपराधी प्रवृत्ति के लड़के लड़कियों से बदसलूकी करते नजर आए थे। सड़क पर लड़कियों के साथ बेहद शर्मनाक हरकत करते नजर आए। ऐसे कई वीडियो सामने आने के बाद हड़कंप मच गया था। बाद में पुलिस ने इन कांडों में शामिल आरोपियों के खिलाफ एक्शन लिया।
जमुई मामले के मुख्य आरोपी नंदन यादव को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार किया। इसके बाद राजद और कांग्रेस के नेताओं ने बिहार सरकार को घेरा था और कानून-व्यवस्था को लेकर तीखे सवाल किए थे। इन घटनाओं पर चिराग पासवान ने नाराजगी जताई है और राज्य में जल्द से जल्द महिलाओं के लिए सुरक्षित वातावरण बनाने की मांग कर रहे हैं।










