नौ दिन बाद भी कांग्रेस केरल में तय नहीं कर पाई मुख्यमंत्री… क्या हाई कमान दबाव में है?

Kerala

नई दिल्ली। केरल (Kerala) के अगले मुख्यमंत्री पर कांग्रेस हाई कमांड के फैसले को लेकर सस्पेंस बढ़ता जा रहा है। परिणाम घोषित होने के 9 दिन बाद भी कांग्रेस पार्टी केरल में मुख्यमंत्री तय नहीं कर पाई है। इससे साफ है कि पार्टी में राज्य से लेकर केंद्रीय स्तर पर भी जमकर गतिरोध है।

चर्चा है कि केरल में कांग्रेस केसी वेणुगोपाल को मुख्यमंत्री बनाना चाह रही है।

मंगलवार को राहुल गांधी ने केरल के पूर्व पीसीसी अध्यक्षों और वरिष्ठ नेताओं से बातचीत की थी। यह बातचीत विपक्ष के नेता वीडी सतीशन के लिए बड़ा झटका साबित हुई है। कांग्रेस प्रभारी महासचिव केसी वेणुगोपाल दौड़ में आगे निकलते दिख रहे हैं। नवनिर्वाचित विधायकों का समर्थन केसी वेणुगोपाल को मिल रहा है।

कांग्रेस के उच्च पदस्थ सूत्रों का मानना है कि मुख्यमंत्री चयन से जुड़ी अनियंत्रित घटनाएं स्वतःस्फूर्त नहीं थीं, बल्कि कुछ नेताओं द्वारा दबाव बनाने की रणनीति के तहत आयोजित की गई थीं। इन घटनाओं ने पार्टी नेतृत्व को नाराज कर दिया है, जो वेणुगोपाल के पक्ष को और मजबूत कर सकती हैं।

हालांकि व्यापक रूप से यह उम्मीद की जा रही थी कि राहुल नेताओं से अगले मुख्यमंत्री पर उनकी राय जानेंगे, लेकिन एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि ‘इस मुद्दे पर चर्चा हुई ही नहीं’, क्योंकि ज्यादातर नेताओं ने पहले ही पार्टी ऑब्जर्वर्स को अपनी पसंद बता दी थी।

जानकारी मिली है कि राहुल ने हिंसक विरोध मार्चों और पार्टी नेताओं को निशाना बनाने वाले सोशल मीडिया हमलों का विवरण मांगा। बैठकें हाई कमान द्वारा इन घटनाओं पर अपनी नाराजगी जताने का मंच बन गईं।

एक मौके पर राहुल को यह टिप्पणी करते हुए सुना गया कि ‘पार्टी के आधिकारिक अभियान के लिए बनाए गए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स का दुरुपयोग कैसे हो रहा है।‘

उन्होंने कांग्रेस से बाहर कुछ तत्वों द्वारा लॉबिंग और बैकडोर मैन्यूवरिंग के जरिए पार्टी के फैसले को प्रभावित करने के प्रयासों पर भी चिंता जताई। एक अन्य नेता ने कहा, ‘राहुल ने हमें बताया कि वे केवल घटनाओं की स्पष्ट समझ के लिए विवरण मांग रहे हैं।‘

पार्टी नेतृत्व का मानना है कि यह प्रकरण अन्य जगहों पर भी इसी तरह की घटनाओं का मिसाल बन सकता है। हाई कमांड पूरे घटनाक्रम को चिंताजनक प्रवृत्ति मान रहा है।

राहुल ने पूर्व केपीसीसी अध्यक्षों केएम मुरलीधरन, वीएम सुधीरन और एमएम हसन, कांग्रेस अनुशासन समिति के अध्यक्ष थिरुवनचूर राधाकृष्णन, और कार्यकारी अध्यक्षों एपी अनिल कुमार, पीसी विश्वनाथ तथा शफी परम्बिल से एक-एक करके मुलाकातें कीं। उन्होंने मुलप्पल्ली रामचंद्रन से फोन पर बात की। बाद में उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से भी मुलाकात की।

वेणुगोपाल के खिलाफ पोस्टर!

केरल के नए मुख्यमंत्री के चयन को लेकर कांग्रेस में चल रही खींचतान के बीच सोशल मीडिया में केरल में कांग्रेस में बगावत की धमकियों की खबरें भी वायरल हैं। इनमें कथित रूप से केरल में सामने आए पोस्टरों का भी जिक्र है, जिनमें कहा गया है कि यदि राहुल गांधी ने के सी वेणुगोपाल को नया मुख्यमंत्री बनवाया तो केरल कांग्रेस में विद्रोह हो सकता है। इन पोस्टरों में यहां तक कहा गया है कि वायनाड अगला अमेठी बन सकता है! द लेंस स्वतंत्र रूप यह पुष्टि नहीं करता कि क्या पोस्टर वास्तव में केरल में लगाए गए हैं या सोशल मीडिया तक ही सीमित हैं।

यह भी पढ़ें: सरकार का बड़ा झटका, सोने पर आयात शुल्क 6 से बढ़ाकर 15 फीसदी किया

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now