जशपुर। मोबाइल पर कॉल और मैसेज कर बेटी को परेशान करने से मना करना एक मां को भारी पड़ गया। आरोप है कि बेटी को परेशान न करने की हिदायत से भड़के युवक ने घर में रखी टांगी से महिला के सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने पड़ोसी राज्य झारखंड के गुमला जिले के रायडीह से गिरफ्तार कर लिया है। मामला आस्ता थाना क्षेत्र के हर्री गांव का है।
घर लौटा पति तो खून से लथपथ मिली पत्नी
थाना प्रभारी अर्जुन यादव ने बताया कि 4 सितंबर को मृतका धनमनी बाई (55) के पति ने आस्ता थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 3 सितंबर की दोपहर करीब 11:30 बजे खाना खाने के बाद वह पालतू मवेशियों को चराने के लिए जंगल की ओर चला गया था। शाम को जब वह वापस घर लौटा तो उसकी पत्नी धनमनी घर के अंदर जमीन पर गिरी हुई थी। उसके सिर से खून निकल रहा था।
पास ही खून से सनी एक टांगी पड़ी हुई थी। घटना की सूचना मिलते ही आस्ता पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और इसके बाद अंतिम संस्कार के लिए शव स्वजनों को सौंप दिया। मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
एकतरफा प्यार में बेटी को करता था परेशान
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी अवधेश राम उर्फ गुटका (30) मृतका की बेटी से एकतरफा प्यार करता था। आरोप है कि वह आए दिन मोबाइल पर कॉल और मैसेज करके उसे परेशान करता था। मृतका की बेटी ने इसकी शिकायत अपने स्वजनों से भी की थी।
संदेह के आधार पर जब आस्ता पुलिस पूछताछ के लिए आरोपी अवधेश उर्फ गुटका के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम कोमड़ो स्थित घर पहुंची, तो वह वहां नहीं मिला। इसके बाद पुलिस टीम उसकी तलाश में जुट गई।
टेक्निकल टीम और मुखबिर से मिली आरोपी की जानकारी
पुलिस ने मुखबिर और टेक्निकल टीम की मदद से आरोपी की पतासाजी शुरू की। इसी दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि संदेही झारखंड के गुमला जिले के रायडीह में अपने एक रिश्तेदार के घर छिपा हुआ है।
जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम ने रायडीह में छापा मारकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसे जशपुर लेकर आई।
बेटी से मिलने पहुंचा था आरोपी, मां से हुआ विवाद
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह घटना से काफी दिन पहले से मृतका की बेटी से मोबाइल के जरिए संपर्क करने का प्रयास कर रहा था। लेकिन बेटी उसका कॉल रिसीव नहीं कर रही थी, जिससे वह परेशान था।
आरोपी के अनुसार, 3 सितंबर को वह अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचा था। उस समय धनमनी बाई घर में अकेली थी। आरोप है कि अवधेश को देखकर धनमनी ने उसे अपनी बेटी को परेशान न करने की हिदायत दी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया।
टांगी से वार कर हत्या, फिर हो गया फरार
विवाद के दौरान आरोपी ने घर में रखी टांगी से धनमनी बाई पर वार कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया और झारखंड में अपने रिश्तेदार के घर जाकर छिप गया।
पुलिस ने आरोपी अवधेश राम उर्फ गुटका को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।











