खंभे के अर्थिंग तार में दौड़ा करंट, 8 वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत

कुकदुर/पंडरिया। कबीरधाम जिले के कुकदुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नागाटोला (ग्राम पंचायत माठपुर) में गुरुवार शाम एक हृदयविदारक हादसे ने पूरे गांव को गम में डुबो दिया। बिजली के खंभे से जुड़े अर्थिंग तार (Earthing wire) में करंट उतर आने से 8 वर्षीय मासूम श्रवण बैगा की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।

जानकारी के अनुसार, बिजली विभाग द्वारा खंभे के अर्थिंग तार को खंभे में लपेटकर खुला छोड़ दिया गया था। गुरुवार शाम श्रवण बैगा गांव में अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान उसका हाथ अर्थिंग तार से छू गया। तार में करंट होने के कारण वह उसकी चपेट में आ गया और कुछ ही क्षणों में उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई। बेटे के शव से लिपटकर बिलख रही मां उसे छोड़ने को तैयार नहीं थी। मौके पर पहुंची कुकदुर पुलिस ने बच्चे की सांसें लौटाने का हरसंभव प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। काफी समझाइश के बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लिया।

शाम हो जाने के कारण उसी दिन पोस्टमार्टम नहीं हो सका। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

इधर, ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि यदि अर्थिंग तार को सुरक्षित ढंग से लगाया गया होता तो मासूम की जान बच सकती थी। पुलिस और संबंधित विभाग यह जांच कर रहे हैं कि अर्थिंग तार में करंट कैसे आया और हादसे के लिए जिम्मेदार कौन है।

इस दर्दनाक घटना ने बिजली व्यवस्था की सुरक्षा और विभागीय लापरवाही पर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई तथा पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।

नितिन मिश्रा

नितिन मिश्रा फ्रीलांस जर्नलिस्‍ट के तौर पर काम कर रहे हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 3 वर्षों का अनुभव है। रायपुर में 2023 से द सूत्र में रिपोर्टर के तौर पर काम किया है। इस दौरान क्राइम, राजनीति, नगर निगम, आंदोलन और जनहित से जुड़ी खबरें की। द सूत्र के बाद सैटेलाइट चैनल TV 24 और ASIAN NEWS में काम किया। इस दौरान नितिन मिश्रा ने विभिन्न विषयों जैसे- क्राइम, पॉलिटिकल, एजुकेशन, कल्‍चरल, स्‍पेशल इन्‍वेस्टिगेशन स्‍टोरीज, डिफेंस और ग्राउंड जीरो से रिपोर्टिंग की हैं। वर्तमान में नितिन पत्रकारिता एवं जनसंचार में Ph.D कर रहें हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related Stories