लेंस न्यूज़। आम आदमी पार्टी AAP के राज्यसभा सांसद और लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) के संस्थापक अशोक मित्तल के घर व कारोबारी ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बुधवार सुबह अचानक रेड मारी है। सूत्रों के अनुसार पंजाब के जालंधर, फगवाड़ा और हरियाणा के गुरुग्राम समेत कुल 8 से 10 स्थानों पर ED की टीमों ने सर्च ऑपरेशन चलाया। इनमें अशोक मित्तल के जालंधर स्थित आवास और उनके बेटे से जुड़े ठिकाने भी शामिल हैं। अशोक मित्तल खुद भी अपने जालंधर वाले घर पर मौजूद हैं। यह कार्रवाई विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (FEMA) के तहत कथित अनियमितताओं और फंड फ्लो से जुड़ी जांच के सिलसिले में की जा रही है।
ED की टीमें दस्तावेजों, वित्तीय लेन-देन के रिकॉर्ड और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइसेज की गहन तलाशी ले रही हैं। एजेंसी की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।राजनीतिक तीखी प्रतिक्रियाएंअशोक मित्तल को हाल ही में AAP ने राज्यसभा में डिप्टी लीडर नियुक्त किया था, जिसमें राघव चड्ढा को हटाया गया था। इस नियुक्ति के कुछ दिनों बाद ED की यह कार्रवाई सामने आई है, जिसे AAP ने राजनीतिक बदले की कार्रवाई बताया है।पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सोशल मीडिया पर तीखा हमला बोलते हुए लिखा, ‘हम वो पत्ते नहीं जो शाख से टूट कर गिर जाएंगे, आंधियों को कह दो अपनी औकात में रहें।’ उन्होंने इसे पंजाब चुनाव की तैयारी में BJP का हिस्सा करार दिया।
AAP राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा, ‘जहां-जहां चुनाव होता है, BJP अपनी एजेंसियों को पहले भेज देती है। पंजाब चुनाव से पहले अशोक मित्तल के घर ED की छापेमारी उसी की शुरुआत है।’ AAP पंजाब अध्यक्ष अमन अरोड़ा ने भी इसे राघव चड्ढा विवाद से जोड़ा और कहा कि जो भी BJP के खिलाफ खड़ा होता है, उसके खिलाफ ऐसे मामले शुरू कर दिए जाते हैं, लेकिन ये आरोप भी पहले की तरह ढह जाएंगे।
अशोक मित्तल कौन हैं?
अशोक मित्तल का जन्म पंजाब के जालंधर में हुआ। उनके पिता ने ‘लवली स्वीट्स’ नाम से एक छोटी मिठाई की दुकान शुरू की थी। अशोक मित्तल ने अपने भाइयों के साथ इस कारोबार को आगे बढ़ाया और इसे जालंधर की प्रसिद्ध ब्रांड बना दिया। मिठाई के कारोबार से हुई कमाई से उन्होंने साल 2005 में लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) की स्थापना की, जो आज देश की सबसे बड़ी निजी यूनिवर्सिटीज में से एक है। गुरु नानक देव विश्वविद्यालय से कानून की पढ़ाई करने वाले अशोक मित्तल ने शिक्षा क्षेत्र में बड़ा नाम कमाया है। LPU में हजारों छात्र पढ़ रहे हैं और यह यूनिवर्सिटी अपनी आधुनिक सुविधाओं के लिए जानी जाती है।









