रायपुर। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने गुरुवार सुबह एक साथ कई ठिकानों पर छापेमारी की। जानकारी के मुताबिक ED की अलग-अलग टीमें तीन स्थानों पर जांच कर रही हैं। इनमें नाहटा ग्रुप से जुड़े प्रतिष्ठान भी शामिल बताए जा रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक भोपाल और रायपुर से ED की टीमें सुबह करीब 6 बजे राजनांदगांव पहुंचीं। इसके बाद टीमों ने भंसाली किराए भंडार और सत्यं विहार स्थित नाहटा से जुड़े प्रतिष्ठानों समेत तीन स्थानों पर एक साथ दबिश दी।
फिलहाल ED की कार्रवाई जारी है। अधिकारी संबंधित परिसरों में दस्तावेजों और वित्तीय लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड की जांच कर रहे हैं। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए संबंधित परिसरों के बाहर पुलिस बल भी तैनात किया गया है।
ED की इस कार्रवाई के बाद राजनांदगांव शहर में सुबह से ही हलचल तेज हो गई। हालांकि, छापेमारी किस मामले या किस जांच के सिलसिले में की जा रही है, इसकी आधिकारिक जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।
बताया जा रहा है कि जांच पूरी होने और ED की ओर से आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही कार्रवाई के कारण और जांच के दायरे को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी।







