लेंस डेस्क। केंद्र सरकार ने जनगणना 2027 के दूसरे चरण के लिए 40 सवालों की सूची अधिसूचित कर दी है। इस बार लोगों से अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST), अन्य जाति और कोविड वैक्सीन से जुड़ी जानकारी भी मांगी जाएगी। यह 1931 के बाद पहली बार व्यापक जाति गणना होने जा रही है। साथ ही जनगणना 2027 देश की पहली पूरी तरह डिजिटल जनगणना भी होगी।
क्या-क्या पूछा जाएगा?
दूसरे चरण की प्रश्नावली में व्यक्ति का नाम, परिवार के मुखिया से रिश्ता, लिंग, जन्म तिथि, उम्र, वैवाहिक स्थिति, विवाह की उम्र, पति-पत्नी का नाम, राष्ट्रीयता, धर्म, SC/ST या जाति, माता-पिता की जानकारी, दिव्यांगता, मातृभाषा और अन्य भाषाएं शामिल हैं।
इसके अलावा साक्षरता, डिजिटल साक्षरता, पढ़ाई की स्थिति, उच्चतम शिक्षा और विषय, पिछले एक साल में काम किया या नहीं, आर्थिक गतिविधि, व्यवसाय, उद्योग या सेवा का प्रकार, कामगार की श्रेणी, काम की तलाश, कार्यस्थल तक आने-जाने का तरीका, जन्म स्थान, पिछला निवास, प्रवास का कारण और अवधि जैसे सवाल भी होंगे।
महिलाओं से संबंधित प्रश्नों में जीवित बच्चों की संख्या, अब तक पैदा हुए बच्चों की संख्या और पिछले एक साल में जन्मे बच्चों की जानकारी शामिल है। खास बात यह है कि कोविड-19 टीकाकरण का स्थान भी पूछा जाएगा। साथ ही बैंक खातों की संख्या, मोबाइल नंबर, आधार नंबर, मतदाता पहचान पत्र, पासपोर्ट नंबर और ड्राइविंग लाइसेंस की उपलब्धता जैसे दस्तावेजी सवाल भी शामिल किए गए हैं।
पहले चरण में क्या था?
जनवरी में पहले चरण के लिए 33 सवाल अधिसूचित किए गए थे। वह चरण मकान सूचीकरण और आवास संबंधी जानकारी जुटाने के लिए था। उसमें परिवार के मुखिया की SC/ST या अन्य श्रेणी की जानकारी भी मांगी गई थी।
कब होगी जनगणना?
जनसंख्या गणना यानी दूसरा चरण फरवरी 2027 में प्रस्तावित है। इसमें जनसांख्यिकीय, सामाजिक-आर्थिक, शैक्षणिक, प्रवास, प्रजनन क्षमता और अन्य जरूरी आंकड़े जुटाए जाएंगे। इसी चरण में जाति संबंधी विस्तृत जानकारी भी दर्ज की जाएगी। गृह मंत्रालय के अधीन रजिस्ट्रार जनरल ऑफ इंडिया के कार्यालय ने परिवार से जुड़ी इस प्रश्नावली को जारी किया है।









