लेंस डेस्क। उत्तरी जापान में सोमवार को तेज भूकंप के झटकों (Earthquake hits Japan) से धरती कांप उठी। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 7.5 मापी गई, जिससे कई इलाकों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था।
भूकंप के बाद जापान मौसम विज्ञान एजेंसी (JMA) ने तुरंत सुनामी चेतावनी जारी की थी, जिसमें कुछ क्षेत्रों में 3 मीटर तक ऊंची लहरों की आशंका जताई गई थी।
जापान सरकार और मौसम एजेंसी ने कहा था कि आने वाले कुछ दिनों में और भूकंप (आफ्टरशॉक्स) या बड़े झटके आने की संभावना बनी हुई है, इसलिए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन निगरानी और आपातकालीन अलर्ट सिस्टम सक्रिय हैं।
जापान की मौसम विज्ञान एजेंसी के अनुसार, भूकंप का केंद्र उत्तरी क्षेत्र में समुद्र के नीचे स्थित था। झटके इतने तेज थे कि कई शहरों में इमारतें हिलने लगीं और लोग घबराकर घरों व दफ्तरों से बाहर निकल आए थे।
भूकंप के तुरंत बाद तटीय इलाकों के लिए सुनामी अलर्ट जारी कर दिया गया है। प्रशासन ने लोगों से ऊंचे स्थानों पर जाने और समुद्र तट से दूर रहने की अपील की है। आपातकालीन सेवाओं को सक्रिय कर राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिए गए हैं।
हालांकि किसी बड़े नुकसान या जनहानि की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। विशेषज्ञों का कहना है कि आफ्टरशॉक्स (बाद के झटके) आने की संभावना बनी हुई है, इसलिए सतर्क रहने की जरूरत है।
प्रशासन ने स्थानीय लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की सलाह दी है।









