रायपुर। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक ही परिवार के चार लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मोहन नगर थाना क्षेत्र के एक मकान में पति-पत्नी फांसी के फंदे पर लटके मिले, जबकि उनके दो मासूम बच्चों के शव बिस्तर पर पड़े थे। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतकों की पहचान गोविंद साहू (45), उनकी पत्नी चंचल साहू (40), बेटी दृष्टि साहू (13) और बेटे यशांत साहू (11) के रूप में हुई है।
पुलिस को मौके से दो सुसाइड नोट भी मिले हैं। इनमें से एक सुसाइड नोट चंचल साहू के नाम से लिखा गया है, जिसमें उसने अपनी शादीशुदा जिंदगी से परेशान होने की बात कही है। नोट में पति पर दूसरी महिलाओं से संबंध होने का आरोप लगाया गया है। दूसरे सुसाइड नोट में पति-पत्नी दोनों का लिखा हुआ पता चल रहा है।
एडिशनल एसपी सिटी सुखनंदन राठौर ने बताया कि सुसाइड नोट से यह पता लगा है कि चंचल ने पहले दोनों बच्चों को शराब पिलाई, फिर उन्हें नींद का इंजेक्शन दिया। सुसाइड नोट में यह भी लिखा गया है कि बच्चों की मौत सुनिश्चित नहीं होने पर उनका रस्सी से गला घोंटा गया। वहीं पति गोविंद साहू को भी काफी शराब पिलाई गई थी। पुलिस को घर के अंदर शराब की बोतलें भी मिली हैं।
पुलिस को चंचल के गाल पर चोट और थप्पड़ जैसे निशान भी मिले हैं, जिससे अंदेशा लगाया जा रहा है कि घटना से पहले पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। शुरुआती जांच में यह भी अनुमान लगाया जा रहा है कि पहले गोविंद साहू फांसी के फंदे पर झूला और उसके बाद चंचल ने खुदकुशी की।
बताया जा रहा है कि गोविंद और चंचल ने परिवार की मर्जी के खिलाफ लव मैरिज की थी। हालांकि शादी के कुछ वर्षों बाद से ही उनके संबंधों में तनाव रहने लगा था। सुसाइड नोट में चंचल ने अपने माता-पिता और भाई से माफी भी मांगी है।
मृतक दंपती के दोनों बच्चे भिलाई के केपीएस नेहरू नगर स्कूल में पढ़ते थे। बेटा हाल ही में पांचवीं पास कर छठवीं में गया था, जबकि बेटी नौवीं कक्षा में पढ़ रही थी। गोविंद साहू शेयर ट्रेडिंग का काम करता था और उसका कार्यालय भिलाई के प्रियदर्शिनी परिसर में बताया जा रहा है।
घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य घर पर मौजूद नहीं थे। जानकारी के मुताबिक गोविंद साहू हाल ही में बालाजी दर्शन कर लौटा था, जबकि उसके भाई अपने परिवार के साथ पुरी घूमने गए हुए थे और गुरुवार रात ही वापस लौटे थे।
मामले में एएसपी सिटी सुखनंदन राठौर ने कहा है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मोबाइल कॉल डिटेल, सुसाइड नोट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। परिजनों और पड़ोसियों से भी पूछताछ जारी है।
यह भी पढ़ें: गांजा तस्करी से बनाई दौलत पर सरकार का शिकंजा, कुश्यात रवि साहू और उसके परिवार की 7.66 करोड़ की संपत्ति सीज







