छत्तीसगढ़ में आरक्षक की प्रेमिका ने पत्नी और 9 साल के बेटे की चाकू मारकर की हत्या, दो बेटियां गंभीर

April 25, 2026 4:03 PM
Double Murder in Chhattisgarh

रायपुर। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। सुपेला थाना क्षेत्र स्थित STF कॉलोनी में एक महिला ने घर में घुसकर आरक्षक की पत्नी और उसके 9 साल के बेटे की बेरहमी से हत्या कर (Double Murder in Chhattisgarh) दी, जबकि दो बेटियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। एक बेटी ने बाथरूम में छिपकर अपनी जान बचाई। आरोपी महिला बीजापुर में पदस्थ एसटीएफ के आरक्षक की प्रेमिका है।

जानकारी के मुताबिक, मृतिका की पहचान रीना यादव के रूप में हुई है। उनके पति ललितेश यादव STF में आरक्षक हैं और वर्तमान में बीजापुर में पदस्थ हैं। वे हाल ही में 15 दिन की छुट्टी पर दुर्ग आए हुए थे।

बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह करीब 6 बजे ललितेश यादव रेलवे स्टेशन रिजर्वेशन कराने घर से निकले थे। इसी दौरान करीब 6:30 बजे आरोपी महिला उनके घर पहुंची। सुबह 8 बजे तक उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दे दिया।

पुलिस और प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी ने महिला पर करीब 18 बार और सो रहे बच्चे पर 14 बार चाकू से हमला किया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घर में मौजूद दो बेटियां हमले में गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पड़ोसियों के मुताबिक, आरक्षक और आरोपी महिला के बीच फेसबुक के जरिए संपर्क हुआ था। चर्चा है कि दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और कथित तौर पर शादी भी हुई थी। आरोपी महिला को दुर्ग में घर लेकर रखने की बात भी सामने आई है।

वहीं, पति ललितेश यादव ने बताया कि फेसबुक पर पहचान के बाद दोनों के बीच बातचीत होती थी और एक तरह का अटैचमेंट बन गया था। महिला साथ रहने और शादी करने का दबाव बना रही थी।

घटना की सूचना मिलते ही सुपेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। आरोपी महिला को हिरासत में लेने की कोशिश की जा रही है। पुलिस पूरे मामले को प्रेम प्रसंग और आपसी विवाद के एंगल से भी जांच रही है।

यह भी पढ़ें: ईसाई धर्म के प्रचार के लिए अब अमेरिकी बैंक के ATM कार्ड के जरिए भारत में फंडिंग… भारत भेजे गए 95 करोड़, छत्तीसगढ़ में भी साढ़े 6 करोड़ पहुंचे

दानिश अनवर

दानिश अनवर, द लेंस में जर्नलिस्‍ट के तौर पर काम कर रहे हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 14 वर्षों का अनुभव है। द लेंस से पहले दैनिक भास्‍कर में इन्‍वेस्टिगेटिव रिपोर्टिंग टीम में सीनियर रिपोर्टर, नवभारत में क्राइम रिपोर्टर, नईदुनिया में स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट और पत्रिका अखबार में रिपोर्टर के तौर पर 10 साल काम किया। इन सभी अखबारों में दानिश अनवर ने विभिन्न विषयों जैसे- क्राइम, पॉलिटिकल, एजुकेशन, स्‍पोर्ट्स, कल्‍चरल और स्‍पेशल इन्‍वेस्टिगेशन स्‍टोरीज कवर की हैं। दानिश को प्रिंट का अच्‍छा अनुभव है। वह सेंट्रल इंडिया के कई शहरों में काम कर चुके हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now