ढोलढोली रपटे पर बड़ा हादसा टला: बाढ़ के तेज बहाव में फंसी यात्रियों से भरी एसएमएल, ग्रामीणों ने बचाईं सभी की जान

पंडरिया। कबीरधाम जिले के पंडरिया विकासखंड के वनांचल क्षेत्र में गुरुवार शाम करीब 5 बजे बड़ा हादसा होते-होते टल गया। लगातार हो रही बारिश के कारण ढोलढोली स्थित आगर नदी के रपटे (Dholdholi Rapta) पर तेज बहाव के बीच 20 से 25 यात्रियों से भरी एक एसएमएल यात्री वाहन फंस गई। वाहन का संतुलन बिगड़ने से उसका एक पहिया रपटे से नीचे चला गया, जबकि दूसरा ऊपर अटक गया। स्थिति बेहद भयावह हो गई और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।

वाहन में महिलाएं, बुजुर्ग और छोटे-छोटे बच्चे भी सवार थे। खतरा बढ़ता देख कई यात्रियों ने किसी तरह वाहन से कूदकर अपनी जान बचाई। सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और अपनी जान जोखिम में डालकर मानव श्रृंखला बनाते हुए सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। ग्रामीणों की सूझबूझ और साहस से एक बड़ी जनहानि टल गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज बहाव के बावजूद वाहन चालक ने रपटा पार करने का जोखिम उठाया, जिससे यह स्थिति निर्मित हुई। क्षेत्र में इन दिनों शादी-विवाह का सीजन होने के कारण ट्रैक्टर, पिकअप, माजदा और अन्य यात्री वाहनों में क्षमता से अधिक सवारियां बैठाकर आवागमन कराया जा रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रशासन की प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से वाहन चालक लगातार लापरवाही बरत रहे हैं।

ढोलढोली रपटा छिंदीडीह, सारपानी, भाकुर, पीपरटोला, सेंदुरखार, देवान पटपर, सेजाडीह सहित मध्यप्रदेश के कई गांवों को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है। हर वर्ष बरसात में यह रपटा जलमग्न हो जाता है, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो जाता है। सबसे अधिक परेशानी गर्भवती महिलाओं, गंभीर मरीजों और स्कूली बच्चों को होती है। वैकल्पिक मार्ग से आने-जाने के लिए लगभग 15 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है।

स्थायी पुल की मांग फिर हुई तेज

इस घटना के बाद क्षेत्रवासियों ने एक बार फिर ढोलढोली रपटे पर स्थायी पुल निर्माण की मांग उठाई है। ग्रामीणों का कहना है कि हर वर्ष बरसात में यहां हादसों का खतरा बना रहता है, लेकिन अब तक पुल निर्माण की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई है। लोगों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से जल्द से जल्द पुल निर्माण कर क्षेत्रवासियों को इस गंभीर समस्या से राहत दिलाने की मांग की है।

नितिन मिश्रा

नितिन मिश्रा फ्रीलांस जर्नलिस्‍ट के तौर पर काम कर रहे हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 3 वर्षों का अनुभव है। रायपुर में 2023 से द सूत्र में रिपोर्टर के तौर पर काम किया है। इस दौरान क्राइम, राजनीति, नगर निगम, आंदोलन और जनहित से जुड़ी खबरें की। द सूत्र के बाद सैटेलाइट चैनल TV 24 और ASIAN NEWS में काम किया। इस दौरान नितिन मिश्रा ने विभिन्न विषयों जैसे- क्राइम, पॉलिटिकल, एजुकेशन, कल्‍चरल, स्‍पेशल इन्‍वेस्टिगेशन स्‍टोरीज, डिफेंस और ग्राउंड जीरो से रिपोर्टिंग की हैं। वर्तमान में नितिन पत्रकारिता एवं जनसंचार में Ph.D कर रहें हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related Stories