Delhi Restaurant Fire: दिल्ली के मालवीय नगर में बुधवार सुबह एक रेस्टोरेंट में लगी आग ने पूरे इलाके में दहशत मचा दी। इस हादसे में अब तक 21 लोगों की मौत हो चुकी है। मरने वालों में कई विदेशी नागरिक भी शामिल हैं, जिनमें सेंट्रल एशिया और अफ्रीकी देशों के लोग बताए जा रहे हैं। आग की सूचना सुबह करीब 8:50 बजे मिली। आग मालवीय नगर के प्रेस एन्क्लेव रोड स्थित लेमन ग्रीन रेस्टोरेंट के ग्राउंड फ्लोर से शुरू हुई। जल्द ही आग ऊपर बने फ्लोरिश स्टे होटल तक फैल गई। यह 6 मंजिला इमारत है और आग तीन मंजिलों तक पहुंच गई।
कई लोग ऊंचाई से कूदे
आग लगने के बाद लोग अपनी जान बचाने के लिए इमारत से कूदते नजर आए। स्थानीय लोगों ने फौरन जमीन पर गद्दे बिछाकर उनकी मदद की। दिल्ली फायर सर्विस की टीमों ने तेजी से काम किया और 37 लोगों को सुरक्षित निकाला। बेसमेंट से भी कई लोगों को रेस्क्यू किया गया। AIIMS दिल्ली के अधिकारियों ने बताया कि 13 घायलों को यहां भर्ती कराया गया है। इनमें से 3 लोग ऊंचाई से गिरने के कारण घायल हुए हैं, जबकि बाकी को इमारत से बचाया गया। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
विदेशी मेहमान भी हुए शिकार
रेस्टोरेंट और होटल में कई विदेशी मेहमान ठहरे हुए थे। अधिकारियों के अनुसार, मृतकों में सेंट्रल एशिया और अफ्रीका के नागरिक शामिल हैं। मरने वालों की सटीक संख्या और पहचान की पुष्टि की जा रही है।
PM मोदी ने जताया दुख, मुआवजे का ऐलान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस दुखद हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिवारों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये मुआवजे देने का ऐलान किया है। अभी तक आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। फायर विभाग की टीम मौके पर जांच कर रही है। गौरतलब है कि पिछले 6 महीनों में दिल्ली में अलग-अलग आग की घटनाओं में 66 लोगों की जान जा चुकी है। यह इलाका AIIMS और मैक्स हॉस्पिटल के पास है। इसलिए होटल में अक्सर मरीजों के परिजन रुकते थे। मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है। राहत और बचाव कार्य जारी है। स्थानीय प्रशासन और फायर विभाग पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है।










